250 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद पुलिस को मिली सफलता, बच्ची की मदद से तैयार कराया गया था आरोपी का स्केच।
फुरकान अंसारी।
कलियर (हरिद्वार)। कलियर में पांच वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने करीब एक महीने की कड़ी मशक्कत के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी दिल्ली फरार हो गया था। पुलिस ने 250 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने, संदिग्धों का सत्यापन करने और पीड़िता की मदद से आरोपी का स्केच तैयार कराने के बाद मामले का खुलासा किया।
पुलिस के अनुसार, बीती 7 अक्टूबर को मोतीचूर, बहराइच (उत्तर प्रदेश) निवासी एक व्यक्ति ने कोतवाली कलियर में तहरीर देकर बताया कि 6 अक्टूबर को किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसकी पांच वर्षीय पुत्री के साथ दुष्कर्म किया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रभारी निरीक्षक कलियर के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की। साथ ही मामले की जांच और कार्रवाई की प्रगति की लगातार समीक्षा करने के निर्देश दिए।
पुलिस ने शिकायतकर्ता की ओर से उपलब्ध कराए गए संदिग्धों के फोटो और नाम के आधार पर जांच शुरू की। इसके साथ ही आरोपी के बताए गए हुलिए के आधार पर कलियर दरगाह परिसर, कलियर-रुड़की मार्ग, रुड़की बस अड्डे, रेलवे स्टेशन और बाजारों में लगे 250 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। कोई ठोस सुराग नहीं मिलने पर पुलिस ने पीड़िता की मदद से संदिग्ध का स्केच तैयार कराया और तलाश तेज कर दी।
लगातार प्रयासों के बाद 5 नवंबर को पुलिस टीम ने अब्दाल साहब रोड से इमलीखेड़ा जाने वाले मार्ग पर कलियर से करीब दो किलोमीटर आगे एक पुलिया के पास से संदिग्ध को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने करीब एक महीने पहले कलियर टीन शेड के पास बच्ची को अकेला देखकर उसे चीज दिलाने का लालच दिया और बहला-फुसलाकर पंजाब नेशनल बैंक के पास स्थित एक खंडहर में ले गया। वहां बारिश रुकने के बाद चीज दिलाने का भरोसा देकर उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया और किसी को घटना के बारे में न बताने की धमकी दी।
आरोप है कि बच्ची के बेहोश होने के बाद आरोपी उसे उठाकर गमछे पर लिटाकर वहां से चला गया। पकड़े जाने के डर से आरोपी ने अगली सुबह अपनी झोपड़ी उखाड़ दी और दिल्ली फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी- निवासी पुराना रामपुर रोड, शाहबाद, थाना शाहबाद, जिला रामपुर (उत्तर प्रदेश), उम्र 35 वर्ष। वर्तमान पता: हज कमेटी के पास झुग्गी-झोपड़ी, कलियर, हरिद्वार।
पुलिस टीम
प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक रमेश कुमार सैनी, उपनिरीक्षक अमित नौटियाल, महिला उपनिरीक्षक एकता ममगाईं, अपर उपनिरीक्षक सूरज नेगी, कुंदन रावत एवं रामअवतार, हेड कांस्टेबल सोनू कुमार, माजिद खान, इसरार अली, रविंद्र बालियान, जमशेद अली, अमित कुमार, कांस्टेबल विक्रम चौहान तथा सीआईयू रुड़की के हेड कांस्टेबल मनमोहन भंडारी, कांस्टेबल महिपाल सिंह और रविंद्र खत्री शामिल रहे।


