1, 3 और 5 नवंबर को होंगे विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम, भोजपुरी और पहाड़ी गीतों पर झूमेंगे हरिद्वारवासी; झूले, खरीदारी और खानपान का भी मिलेगा भरपूर आनंद।

फुरकान अंसारी।
हरिद्वार। भेल फाउंड्री गेट के सामने धीरवाली रोड पर भागीरथ जनकल्याण सेवा समिति की ओर से आयोजित भागीरथ महोत्सव मेला 2026 इन दिनों लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। मेले में खरीदारी, मनोरंजन और खानपान के साथ अब सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी विशेष धूम देखने को मिलेगी। हरिद्वारवासियों के मनोरंजन के लिए मेला समिति की ओर से सांस्कृतिक मंच पर विशेष कार्यक्रमों की तैयारियां की गई हैं, जिनमें लोकप्रिय गायक अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।

मेला आयोजन समिति के अध्यक्ष मनोज यादव ने बताया कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत 1 नवंबर 2026 को सा रे गा मा पा फेम ममता भारद्वाज की प्रस्तुति से होगी। इसके बाद 3 नवंबर को भोजपुरी नाइट में लोकप्रिय गायिका राधा श्रीवास्तव अपनी आवाज का जादू बिखेरेंगी। वहीं, 5 नवंबर को पहाड़ी संगीत की शाम सजेगी, जिसमें गायक अनिल खरे एवं मंजू नौटियाल अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे।

उन्होंने बताया कि इन सांस्कृतिक संध्याओं में संगीत प्रेमियों को भोजपुरी और पहाड़ी गीतों का आनंद लेने का अवसर मिलेगा। आयोजकों को उम्मीद है कि इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में लोग पहुंचेंगे।

अध्यक्ष मनोज यादव ने कहा कि भागीरथ महोत्सव मेला केवल खरीदारी और मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि सामाजिक मेलजोल, सांस्कृतिक विरासत और पारिवारिक मनोरंजन को बढ़ावा देने का एक महत्वपूर्ण आयोजन भी है।

मेले में बच्चों और युवाओं के लिए विभिन्न प्रकार के आकर्षक झूले लगाए गए हैं। वहीं, खरीदारी के शौकीनों के लिए कपड़ों, घरेलू उपयोग की वस्तुओं, क्रॉकरी, फर्नीचर सहित विभिन्न प्रकार के सामान की दुकानें सजाई गई हैं। इसके अलावा खानपान के स्टॉल भी लोगों को आकर्षित कर रहे हैं। आकर्षक सजावट और मनोरंजन के विविध साधनों से मेले की रौनक देखते ही बन रही है।

समिति अध्यक्ष मनोज यादव एवं टीम भागीरथ ने हरिद्वार तथा आसपास के क्षेत्रों के निवासियों से अपील की कि वे अपने परिवार और मित्रों के साथ मेले में पहुंचकर झूलों, खरीदारी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लें तथा इस आयोजन को सफल बनाने में अपना सहयोग प्रदान करें।

मेला स्थल: भेल फाउंड्री गेट के सामने, धीरवाली रोड, हरिद्वार।

Share.
Leave A Reply