फुरकान अंसारी।
रुड़की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देश पर जनपदभर में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत कोतवाली रुड़की पुलिस ने दो युवकों को अवैध असलहों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक तमंचा, एक पिस्टल, दो मैगजीन और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पूछताछ में दोनों युवकों ने एक ही सप्लायर से असलहे खरीदने की बात बताई, जिसके बाद पुलिस कथित सप्लायर की तलाश में जुट गई है।
पुलिस के अनुसार, 6/7 अक्टूबर 2026 की रात चेकिंग के दौरान नहर पटरी पर एचआरडीए कार्यालय के पास एक युवक मोटरसाइकिल के पास संदिग्ध अवस्था में खड़ा मिला। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 32 बोर का एक तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
वहीं, पुलिस टीम ने पीरबाबा कॉलोनी/रेलवे पुल के नीचे से डबल फाटक की ओर जाने वाले रास्ते पर एक अन्य युवक को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 32 बोर की एक अवैध पिस्टल, दो मैगजीन और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने एक ही व्यक्ति से अवैध असलहे खरीदने की जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में से एक खरीदी गई पिस्टल को मुनाफे के साथ किसी अन्य व्यक्ति को बेचने के उद्देश्य से रेलवे पुल के नीचे पहुंचा था। पुलिस अब सामने आए कथित सप्लायर की तलाश कर रही है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 3/25(1-ख)(क) शस्त्र अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। बरामद असलहों और कारतूसों को विधिवत सील कर पुलिस कब्जे में ले लिया गया है।
एसएसपी ने अभिभावकों से की सतर्क रहने की अपील
एसएसपी नवनीत सिंह ने कहा कि युवाओं, विशेषकर नए लड़कों का अवैध असलहों की ओर आकर्षित होना चिंता का विषय है। पुलिस अपने स्तर से लगातार कार्रवाई कर रही है, लेकिन अभिभावकों की भी जिम्मेदारी है कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें और उन्हें गलत संगत से दूर रखने का प्रयास करें।
गिरफ्तार आरोपी
1. एक युवक, निवासी ग्राम जस्सावाला धनौरी, थाना पिरान कलियर, जनपद हरिद्वार।
2.दुसरा युवक निवासी ग्राम जस्सावाला धनौरी, थाना पिरान कलियर, जनपद हरिद्वार।
बरामदगी
– 32 बोर का तमंचा — 01
– 32 बोर की पिस्टल — 01
– 32 बोर की मैगजीन — 02
– जिंदा कारतूस — 02
– स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल — 01
– मोबाइल फोन — 02
पुलिस टीम
– उपनिरीक्षक सुभाष चंद्र
– कांस्टेबल इतेंद्र ध्यानी
– कांस्टेबल रंग मोहन
– कांस्टेबल अनिल शर्मा।


