फुरकान अंसारी।
हरिद्वार। कांग्रेस पार्टी ने जिला अध्यक्ष बालेश्वर सिंह के नेतृत्व में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग को लेकर जिलाधिकारी के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन प्रेषित किया। कांग्रेस नेताओं ने निर्वाचन प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और मतदाता सूची से वोट हटाए जाने को लेकर सवाल उठाए।
इस दौरान पूर्व प्रदेश सचिव राव फरमान अली एडवोकेट ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण संवैधानिक संस्थान है और स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव कराना उसकी जिम्मेदारी है। उन्होंने दावा किया कि एसआईआर प्रक्रिया को लेकर उठ रही आपत्तियां पारदर्शिता पर सवाल खड़े करती हैं। कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच कराई जाए।
पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष राव आफाक अली ने आरोप लगाया कि एसआईआर के दौरान लोगों को बिना उचित कारण नोटिस दिए जा रहे हैं तथा कई मामलों में उनका पक्ष भी नहीं सुना जा रहा है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची से वैध मतदाताओं के नाम हटाए जाने की शिकायतों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
कांग्रेस नेताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की भी मांग उठाई। इस दौरान ज्वालापुर विधायक रवि बहादुर, डॉ. संजय पालीवाल, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष सतीश दुबे, राकेश राजपूत, उत्तराखंड कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा, मनोज धनगर, तनवीर कुरैशी, राव सोहेल, विमला पाण्डेय, पूनम भगत, दिलशाद खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं नेता मौजूद रहे।


