फुरकान अंसारी।
हरिद्वार, 27 अक्टूबर 2026। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने अवगत कराया कि यात्रियों की सुरक्षा के दृष्टिगत जिलाधिकारी श्री मयूर दीक्षित के निर्देश पर लालजीवाला पार्किंग में परिवहन विभाग एवं यातायात पुलिस द्वारा बसों के विरुद्ध सघन संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

अभियान में सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) श्री निखिल शर्मा, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) सुश्री नेहा झा, यातायात निरीक्षक श्री संदीप नेगी, सम्भागीय निरीक्षक (प्राविधिक) श्री आनन्द वर्धन तथा परिवहन कर अधिकारी श्री मुकेश भारती सम्मिलित हैं।

संयुक्त टीम द्वारा बसों की तकनीकी स्थिति, फिटनेस, आवश्यक अभिलेखों एवं परमिट शर्तों के अनुपालन की गहन जाँच की जा रही है। सम्भागीय निरीक्षक (प्राविधिक) द्वारा बसों का तकनीकी परीक्षण भी किया जा रहा है, ताकि यात्रियों की सुरक्षा को प्रभावित करने वाली कमियों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई की जा सके।

अभियान में अब तक 20 बसों के चालान किए गए हैं तथा 3 बसों को सीज किया गया है। इसके अतिरिक्त 10 बसों की फिटनेस निरस्त किए जाने की संस्तुति की गई है। फिटनेस निरस्तीकरण पर आगे की कार्यवाही नियमानुसार सक्षम प्राधिकारी के स्तर से की जाएगी।

इस संयुक्त कार्रवाई के माध्यम से बस संचालकों को स्पष्ट संदेश दिया गया है कि यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े मानकों की अनदेखी पर सख्त कार्रवाई होगी। आवश्यक अभिलेखों के साथ वाहनों की तकनीकी स्थिति एवं सुरक्षित संचालन के निर्धारित मानकों का पालन भी अनिवार्य है।

लालजीवाला पार्किंग में जाँच अभियान जारी है। जाँच आगे बढ़ने के साथ कार्रवाई के आँकड़ों में वृद्धि हो सकती है।

Share.
Leave A Reply