फुरकान अंसारी।
हरिद्वार। जिला कारागार रोशनाबाद के वरिष्ठ अधीक्षक को लॉरेंस बिश्नोई के नाम से धमकी भरे मैसेज भेजने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में सिडकुल थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी जेल में बंद अपनी पत्नी से मुलाकात के दौरान हुई पूछताछ से नाराज था और जेल अधीक्षक को डराने के इरादे से तमंचा लेकर लुधियाना से हरिद्वार पहुंचा था।
पुलिस के अनुसार, 11 सितंबर 2026 को जिला कारागार रोशनाबाद के वरिष्ठ अधीक्षक मनोज कुमार आर्य के मोबाइल फोन पर धमकी भरे और अभद्र मैसेज भेजे गए थे। मैसेज में जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। वरिष्ठ अधीक्षक की तहरीर पर थाना सिडकुल में मुकदमा अपराध संख्या 381/2026 के तहत धारा 351(3) और 352 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर सिडकुल थाना पुलिस और सीआईयू टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की। इसी क्रम में 21 सितंबर को पुलिस टीम ने सिडकुल क्षेत्र के सूर्यनगर के पास चेकिंग के दौरान हिमांशु चोढा को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी शीला जिला कारागार में बंद है। जेल में पत्नी से मुलाकात के दौरान जेल स्टाफ द्वारा उससे पूछताछ किए जाने से वह नाराज था। आरोपी के अनुसार, उसकी पत्नी ने उसे जेल अधीक्षक को लॉरेंस बिश्नोई के नाम से धमकी देने की बात कही और जेल अधीक्षक का मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराया। इसके बाद आरोपी ने लुधियाना जाकर अपने आधार कार्ड से लिए गए नए मोबाइल नंबर से जेल अधीक्षक को धमकी भरे मैसेज भेजे।
पुलिस के मुताबिक, सोशल मीडिया के माध्यम से मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिलने के बाद आरोपी जेल अधीक्षक को डराने के इरादे से अपने पास रखे तमंचे और कारतूस के साथ लुधियाना से हरिद्वार पहुंचा था। वह जेल की ओर जा रहा था, तभी पुलिस ने उसे दबोच लिया।
पुलिस ने बरामद तमंचे के संबंध में मुकदमे में धारा 3/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की है। वहीं, आरोपी की पत्नी शीला के विरुद्ध उपलब्ध तथ्यों के आधार पर धारा 351(3), 352 और 61(2) बीएनएस के तहत आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ रायवाला थाना, देहरादून में भी संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
बरामदगी: 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन।
पुलिस टीम: थानाध्यक्ष अजय शाह, उपनिरीक्षक देवेंद्र चौहान, कांस्टेबल नरेंद्र चौहान और कांस्टेबल हरि सिंह। सीआईयू टीम में प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र बिष्ट, हेड कांस्टेबल मनोज रावत तथा कांस्टेबल हरवीर रावत, नरेंद्र और उमेश शामिल रहे।


