फुरकान अंसारी।
हरिद्वार। थाना पथरी क्षेत्र में अवैध असलहे के मामले में जेल से छूटकर आए एक युवक द्वारा थाना परिसर में रील बनाने और उसे सोशल मीडिया पर अपलोड करने का मामला सामने आया है। रील वायरल होने के बाद युवक क्षेत्र में हुड़दंग मचाने लगा। राहगीरों से गाली-गलौज और धक्का-मुक्की करने की सूचना पर पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। पुलिस की कार्रवाई के बाद आरोपी माफी मांगने लगा।
पुलिस के अनुसार, 20 सितंबर 2026 को थाना पथरी पुलिस क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि ग्राम सुकरासा में एक युवक सड़क पर आने-जाने वाले राहगीरों को परेशान कर रहा है। लोगों के समझाने पर वह मारपीट पर उतारू हो रहा है। सूचना में यह भी सामने आया कि युवक अवैध असलहे के मामले में जेल से लौटने के बाद थाना परिसर में रील बनाकर उसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर चुका है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां एक युवक राहगीरों के साथ गाली-गलौज और धक्का-मुक्की करते हुए उत्तेजित अवस्था में मिला। पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह शांत नहीं हुआ और लगातार मारपीट पर आमादा रहा।
पुलिस के मुताबिक, युवक के व्यवहार से क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था प्रभावित होने तथा किसी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए उसे कारण बताते हुए नियमानुसार धारा 135/126/170 बीएनएसएस के तहत हिरासत में लिया गया। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम में शामिल रहे
– उपनिरीक्षक महेंद्र पुंडीर
– अपर उपनिरीक्षक जसवंत बिष्ट।


