फुरकान अंसारी।
हरिद्वार। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ हरिद्वार पुलिस का “ऑपरेशन प्रहार” अभियान लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत पथरी थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़कर उसके कब्जे से 566 प्रतिबंधित ट्रामाडोल और अल्प्राजोलम कैप्सूल-गोलियां बरामद की हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पथरी थाना पुलिस द्वारा क्षेत्र में लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में पुलिस टीम ग्राम ऐथल क्षेत्र में मेडिकल स्टोरों के आसपास संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर नजर रख रही थी।
चेकिंग के दौरान मेडिकल स्टोर के बाहर एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस टीम को दिखाई दिया। पुलिस ने उसे पूछताछ और चेकिंग के लिए रोकने का प्रयास किया तो वह मौके से भागने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 566 प्रतिबंधित ट्रामाडोल/अल्प्राजोलम कैप्सूल एवं गोलियां बरामद हुईं।
पुलिस के अनुसार बरामद नशीली दवाओं के संबंध में आरोपी से पूछताछ की गई, लेकिन वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। मामले में आरोपी के खिलाफ थाना पथरी में मु0अ0सं0 479/2026, धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक महेंद्र पुंडीर, अपर उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार, कांस्टेबल नारायण सिंह और कांस्टेबल मनोज कुमार शामिल रहे।


