फुरकान अंसारी।
हरिद्वार। भगवान विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर मंगलवार को पुलिस लाइन रोशनाबाद स्थित क्वार्टर गार्द में पुलिस परिवार की ओर से विधिवत पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अपराध/यातायात निशा यादव ने जनपद के अन्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ भगवान विश्वकर्मा की पूजा कर अस्त्र-शस्त्र, औजार, मशीनों एवं अन्य पुलिस उपकरणों का विधि-विधान से पूजन किया।
पूजा कार्यक्रम के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान विश्वकर्मा का पूजन कर जनपद में सुख-शांति, समृद्धि एवं मंगल की कामना की गई। पुलिस अधिकारियों ने पुलिस विभाग में उपयोग होने वाले उपकरणों और संसाधनों की सुरक्षा एवं बेहतर कार्यप्रणाली के लिए भी प्रार्थना की।
इस अवसर पर सीओ सदर/लाइन एसपी बलूनी, सीओ ज्वालापुर संजय चौहान, सीओ यातायात विपेंद्र सिंह, प्रतिसार निरीक्षक प्रवीण आलोक सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
विश्वकर्मा दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन के साथ-साथ जनपद के सभी थाना कार्यालयों में भी भगवान विश्वकर्मा की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। पुलिसकर्मियों ने भगवान विश्वकर्मा से सुख-समृद्धि एवं जनपद में शांति की कामना की।


