फुरकान अंसारी।

हरिद्वार। उत्तराखंड शासन द्वारा जारी स्थानांतरण एवं तैनाती आदेश के तहत नवंबर 2024 से हरिद्वार में एसपी देहात की जिम्मेदारी संभाल रहे शेखर चंद सुयाल का जनपद देहरादून में अपर पुलिस अधीक्षक नगर के पद पर स्थानांतरण होने पर पुलिस कार्यालय में विदाई समारोह आयोजित किया गया।

 

पुलिस कार्यालय स्थित मीटिंग हॉल में आयोजित कार्यक्रम में एसपी क्राइम/ट्रैफिक निशा यादव सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने शेखर चंद सुयाल के करीब 22 माह के कार्यकाल को याद किया। अधिकारियों ने उनके कार्यकाल के दौरान अपराध नियंत्रण एवं घटनाओं के अनावरण, शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था तथा सफल कांवड़ यात्रा सहित विभिन्न महत्वपूर्ण उपलब्धियों का उल्लेख किया।

 

इस दौरान अधिकारियों ने कुशल वक्ता के रूप में मंच संचालन की उनकी विशेषज्ञता और सहज एवं मृदुभाषी व्यवहार की भी सराहना की। कार्यक्रम के दौरान सूक्ष्म जलपान के बाद पुलिस अधिकारियों ने फूलमाला पहनाकर शेखर चंद सुयाल का स्वागत किया और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। अधिकारियों ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

 

विदाई समारोह में शेखर चंद सुयाल ने हरिद्वार में कार्यकाल के दौरान मिले सहयोग के लिए सभी वरिष्ठ एवं कनिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कार्यकाल के दौरान सभी के सहयोग से विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन सफलतापूर्वक किया जा सका।

 

इस अवसर पर सीओ सदर सुरेंद्र प्रसाद बलूनी, सीओ ज्वालापुर संजय चौहान, सीओ सिटी शीशुपाल नेगी, सीओ यातायात विपेंद्र सिंह, प्रतिसार निरीक्षक प्रवीण आलोक सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

Share.
Leave A Reply