फुरकान अंसारी।
हरिद्वार। भगवानपुर पुलिस ने हत्या के मामले में कार्रवाई करते हुए महिला समेत तीन वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को मुखबिर की सूचना पर पुहाना चौक के पास से हिरासत में लिया। आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 30 अगस्त 2026 को ग्राम नन्हेड़ा निवासी महिला ने कोतवाली भगवानपुर में तहरीर देकर बताया था कि नामजद आरोपियों ने उसके पति अभिषेक के साथ मारपीट की थी। गंभीर हालत में अभिषेक को उपचार के लिए देहरादून अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 368/2026 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
मामले में वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही थी। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी भगवानपुर के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के दौरान 12 सितंबर 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर तीनों वांछित आरोपियों को पुहाना चौक के पास से पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम:
व0उ0नि0 रमेश कुमार सैनी, है0का0 अरविन्द तोमर एवं म0का0 सोनम भारती।


