फुरकान अंसारी।

हरिद्वार। रेलवे स्टेशन के गेट नंबर-4 पर हवाई फायरिंग कर महिला को छर्रा लगने के मामले में कोतवाली नगर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी प्रवेश गुप्ता के कब्जे से 12 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया है। मामले में दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, ऋषिकुल चौक निवासी सुभाष ने 11 सितंबर को कोतवाली नगर में तहरीर देकर बताया था कि 10 सितंबर को रेलवे स्टेशन के गेट नंबर-4 पर कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने फायरिंग की, जिससे उनकी पत्नी के दाहिने पैर में चोट लग गई। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 505/2026 के तहत धारा 109(1) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने रेलवे स्टेशन व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। सुरागरसी-पतारसी के बाद पुलिस ने 12 सितंबर को टिबड़ी जाने वाली रोड पर रेलवे कॉलोनी जाने वाले तिराहे के पास कच्चे रास्ते से सौरभ कुमार, शिवम और प्रवेश गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि रेलवे स्टेशन के गेट नंबर-4 के पास चाय की ठेली पर आरोपियों का विवाद हुआ था। इसी दौरान दोस्तों और यात्रियों के बीच रौब जमाने तथा डराने के लिए प्रवेश गुप्ता ने पिस्टलनुमा हथियार से छह-सात राउंड हवाई फायर किए। इनमें से एक छर्रा शिकायतकर्ता की पत्नी को लग गया।

आरोपी प्रवेश गुप्ता के कब्जे से अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद होने पर उसके खिलाफ मुकदमे में धारा 3/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की गई है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है, जबकि मामले में फरार चल रहे दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें रवाना की गई हैं।

पुलिस टीम में व0उ0नि0 गोपाल दत्त भट्ट, उ0नि0 ऋषिकांत पटवाल, अ0उ0नि0 सुल्तान तोमर, कां0 परवेन्द्र सिंह रावत, कां0 वीरेन्द्र सिंह, कानि0 जसवीर और कानि0 सचिन पाण्डे शामिल रहे।

Share.
Leave A Reply