फुरकान अंसारी
हरिद्वार। वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज सैनी के नेतृत्व में न्यू अंबरीश कुमार विचार मंच के अध्यक्ष सोम त्यागी एवं पहाड़ी महासभा के अध्यक्ष तरुण व्यास के साथ एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा से मुलाकात कर विभिन्न मांगों को लेकर मांगपत्र सौंपा।
न्यू अंबरीश कुमार विचार मंच की ओर से सौंपे गए मांगपत्र में अध्यक्ष सोम त्यागी ने कहा कि अर्धकुंभ मेला-2026 के दृष्टिगत गंगा तट पर नवनिर्मित घाट श्रद्धालुओं एवं आमजन के लिए महत्वपूर्ण धार्मिक एवं सामाजिक स्थल के रूप में विकसित होगा। उन्होंने मांग की कि ऋषिकुल स्थित नवनिर्मित गंगा घाट का नाम “स्वर्गीय श्री अंबरीश कुमार जी गंगा घाट” रखा जाए।
सोम त्यागी ने कहा कि स्वर्गीय अंबरीश कुमार हरिद्वार के पूर्व विधायक, समाजसेवी एवं लोकप्रिय जननेता रहे हैं। उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन में सदैव जनता के हितों, सामाजिक सरोकारों और जनसेवा को प्राथमिकता दी। हरिद्वार के सामाजिक एवं राजनीतिक जीवन में उनके योगदान को आज भी सम्मान और श्रद्धा के साथ याद किया जाता है। उनके नाम पर घाट का नामकरण किया जाना उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी और आने वाली पीढ़ियों को उनके जनसेवा के कार्यों से प्रेरणा मिलेगी।
वहीं, पहाड़ी महासभा के अध्यक्ष तरुण व्यास ने उत्तराखंड आंदोलनकारियों की स्मृति को चिरस्थायी बनाने के लिए उनके नाम पर भी एक गंगा घाट का नामकरण किए जाने की मांग रखी।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य विकास अधिकारी को यह भी आश्वासन दिया कि यदि घाट के नामकरण की मांग स्वीकार की जाती है तो घाट के रखरखाव, सौंदर्यीकरण, चेंजिंग रूम सहित आवश्यक व्यवस्थाओं का खर्च वे स्वयं वहन करेंगे।
इस अवसर पर पहाड़ी महासभा के महामंत्री यशवंत बिष्ट, विवेक त्यागी एवं अजय नेगी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


