फुरकान अंसारी।
रोशनाबाद। पुलिस मॉडर्न स्कूल रोशनाबाद के कक्षा 10वीं के छात्र कुलश्रेष्ठ ने Vovinam Martial Arts में शानदार प्रदर्शन कर स्कूल के साथ-साथ हरिद्वार पुलिस का नाम रोशन किया है। जम्मू-कश्मीर में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर कुलश्रेष्ठ का चयन आगामी नवंबर माह में कंबोडिया में आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। वह प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेगा।
शुक्रवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह ने पुलिस मॉडर्न स्कूल रोशनाबाद पहुंचकर प्रतिभावान छात्र कुलश्रेष्ठ को राष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल करने और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित होने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। एसएसपी ने छात्र का उत्साहवर्धन करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस दौरान एसएसपी ने कुलश्रेष्ठ को आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता की तैयारियों के लिए हरसंभव सहयोग एवं सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस मॉडर्न स्कूल के विद्यार्थी पढ़ाई के साथ-साथ खेल और अन्य क्षेत्रों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं, जो हरिद्वार पुलिस के लिए गर्व का विषय है। ऐसे प्रतिभावान विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए निरंतर प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।
बताया गया कि कुलश्रेष्ठ इससे पूर्व भी विभिन्न प्रतियोगिताओं में सफलता हासिल कर चुका है। उसकी इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।
इस अवसर पर सीओ लाइन बलूनी, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन प्रवीण आलोक, प्रधानाचार्य ममता तोमर, खेल प्रशिक्षक धीरज कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


