फुरकान अंसारी।
हरिद्वार। एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली श्यामपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने माईनिंग चेक पोस्ट से चोरी हुए करीब 35 लाख रुपये कीमत के 12 टायरा ट्रक को मुकदमा दर्ज होने के 48 घंटे के भीतर बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार 24 अगस्त को श्यामपुर क्षेत्र स्थित माईनिंग चेक पोस्ट से 12 टायरा ट्रक चोरी हो गया था। मामले में कोतवाली श्यामपुर में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने 31 अगस्त को शहजाद परवेज (38) निवासी नजीबाबाद, बिजनौर और हबीब खां (55) निवासी नजीबाबाद, बिजनौर को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपियों ने ट्रक चोरी करने की बात स्वीकार करते हुए बताया कि चोरी का ट्रक गैण्डीखाता क्षेत्र में जंगल की झाड़ियों में छिपाकर रखा गया है। उपनिरीक्षक गगन मैठाणी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपियों की निशानदेही पर गुर्जर बस्ती की ओर जाने वाले रास्ते के पास झाड़ियों से लाल रंग का ओपन बॉडी 12 टायरा ट्रक बरामद कर लिया। आरोपियों ने पहचान छिपाने के लिए ट्रक की नंबर प्लेट भी हटा दी थी।
पुलिस ने ट्रक के चेसिस और इंजन नंबर का सत्यापन किया, जो चोरी हुए वाहन से मेल खाया। बरामदगी की पूरी कार्रवाई ई-साक्ष्य एप के माध्यम से वीडियोग्राफी के साथ की गई। मामले में आवश्यक वैधानिक धाराओं की बढ़ोतरी की गई है।
बरामदगी: करीब 35 लाख रुपये कीमत का एक लाल रंग का 12 टायरा ओपन बॉडी ट्रक।
कार्रवाई में थानाध्यक्ष नितेश शर्मा, उपनिरीक्षक मनोज रावत, उपनिरीक्षक गगन मैठाणी, उपनिरीक्षक देवेन्द्र तोमर सहित कोतवाली श्यामपुर पुलिस एवं एसओजी हरिद्वार की टीम शामिल रही।


