फुरकान अंसारी।
रुड़की। आईआईटी रुड़की के गोविंद भवन में एक छात्र का शव कमरे में पंखे से लटका मिलने से संस्थान परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही रुड़की पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। क्षेत्राधिकारी भगवानपुर ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया, जबकि फील्ड यूनिट ने मौके से साक्ष्य जुटाए।
पुलिस के अनुसार, 13 नवंबर की देर रात आईआईटी रुड़की के सुरक्षा अधिकारी कुलदीप सिंह नेगी ने कोतवाली रुड़की पुलिस को गोविंद भवन में एक छात्र के फंदे पर लटके होने की सूचना दी। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक प्रदीप बिष्ट, रात्रि अधिकारी ध्वजवीर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस टीम गोविंद भवन की दूसरी मंजिल स्थित कमरा नंबर BS-10 में पहुंची तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी प्रयास के बाद भी दरवाजा नहीं खुलने पर सुरक्षा गार्डों की मदद से उसे खुलवाया गया। पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई। कमरे के अंदर छात्र चादर के फंदे के सहारे पंखे से लटका मिला।
मृतक की पहचान आयुष रजौरिया (20) पुत्र शैलेश रजौरिया, निवासी राजनगर एक्सटेंशन, गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। मौके पर पहुंचे आईआईटी अस्पताल के चिकित्सक डॉ. मयंक शर्मा ने छात्र का परीक्षण किया और मृत्यु करीब पांच से छह घंटे पहले होने की जानकारी दी।
सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी भगवानपुर सुमित पाण्डेय भी मौके पर पहुंचे। उनकी मौजूदगी में घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। पुलिस ने लैपटॉप खोलकर आवश्यक जांच भी की। वहीं, फील्ड यूनिट को बुलाकर घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य एकत्रित कराए गए।
पुलिस ने शव को सिविल अस्पताल रुड़की भिजवा दिया है। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। रात्रि होने के कारण परिजनों के पहुंचने के बाद पंचायतनामा की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है।


