फुरकान अंसारी।

हरिद्वार/देहरादून। मोहम्मदपुर कुन्हारी, सुल्तानपुर, हरिद्वार निवासी नईमा मलिक ने पीएचडी पूर्ण कर अपने परिवार के साथ-साथ गांव और लक्सर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। अपनी इस महत्वपूर्ण शैक्षणिक उपलब्धि के बाद नईमा मलिक ने देहरादून स्थित उत्तराखंड वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष एवं राज्य मंत्री शादाब शम्स के निजी आवास पर पहुंचकर शिष्टाचार भेंट की।

 

इस दौरान शादाब शम्स ने नईमा मलिक को पीएचडी पूर्ण करने पर सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा के क्षेत्र में नईमा की उपलब्धि परिवार के साथ-साथ गांव और पूरे लक्सर क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उनकी सफलता अन्य छात्राओं और युवतियों के लिए भी प्रेरणादायक है।

 

शादाब शम्स ने कहा कि बेटियों को शिक्षा के समान अवसर देना समाज की जिम्मेदारी है। जब बेटी उच्च शिक्षा हासिल कर आत्मनिर्भर बनती है तो उसका लाभ केवल परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे समाज को मिलता है। उन्होंने अभिभावकों से बेटियों की प्रतिभा को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने की अपील की।

 

उन्होंने कहा, “दीन की सीख और आधुनिक शिक्षा का मेल ही हमारी बेटियों को सशक्त बनाएगा। बेटियों को कमजोर नहीं, उनका हौसला बनिए, क्योंकि उनके आगे बढ़ने से ही समाज का भविष्य उज्ज्वल होगा।”

 

शादाब शम्स ने कहा कि आज बेटियां शिक्षा, शोध, प्रशासन, चिकित्सा, विज्ञान सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। ऐसे में उन्हें बेहतर माहौल और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराना जरूरी है।

 

वहीं, नईमा मलिक ने सम्मान और शुभकामनाओं के लिए शादाब शम्स का आभार जताते हुए कहा कि यह सम्मान उनके लिए उत्साह और प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने भविष्य में अपनी शिक्षा और ज्ञान के माध्यम से समाज के लिए सकारात्मक योगदान देने की बात कही। नईमा की उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों ने भी खुशी जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Share.
Leave A Reply