जवाहरलाल नेहरू युवा केंद्र में आयोजित हुआ जागरूकता कार्यक्रम, छात्र-छात्राओं को दिलाई यातायात नियमों के पालन की शपथ।
फुरकान अंसारी।
हरिद्वार। बाल दिवस के अवसर पर 14 नवंबर को हरिद्वार यातायात पुलिस की ओर से जवाहरलाल नेहरू युवा केंद्र में विशेष यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे करीब 400 छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों की जानकारी देकर जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में यातायात पुलिस अधिकारियों ने बच्चों को सड़क पार करने के सुरक्षित तरीके, ट्रैफिक सिग्नल और रेड लाइट का पालन करने, पैदल यात्रियों के नियमों, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के महत्व सहित सड़क पर बरती जाने वाली जरूरी सावधानियों के बारे में विस्तार से बताया।
इस अवसर पर सभी छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों का स्वयं पालन करने और अपने परिजनों तथा आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई गई। पुलिस अधिकारियों ने बच्चों को समझाया कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। यातायात नियमों का पालन करके सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के साथ ही अनमोल जीवन को भी सुरक्षित रखा जा सकता है।
यह जागरूकता कार्यक्रम यातायात मुख्यालय के निर्देशानुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार एवं पुलिस अधीक्षक यातायात निशा यादव के निर्देशन तथा पुलिस उपाधीक्षक यातायात विपेंद्र कुमार के पर्यवेक्षण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रभारी यातायात निरीक्षक संदीप सिंह नेगी और सीपीयू उपनिरीक्षक नीरज मेहरा ने छात्र-छात्राओं को यातायात संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
यातायात पुलिस ने अभिभावकों से भी अपील की कि वे बच्चों को बचपन से ही सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का महत्व समझाएं। स्वयं नियमों का पालन करें और बच्चों को भी जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करें। पुलिस का कहना है कि आज के जागरूक बच्चे ही कल सड़क सुरक्षा के संदेशवाहक बनकर समाज को सुरक्षित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।


