फुरकान अंसारी।
हरिद्वार। बैरागी कैंप क्षेत्र में कथित तौर पर एक भाजपा नेता की गाड़ी की चपेट में आने से तीन गोवंश की मौत के मामले को लेकर शनिवार को कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने सीओ सिटी शिशुपाल नेगी से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने मामले की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कर जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ जल्द कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने घटना को गंभीर बताते हुए कहा कि तीन गोवंश की मौत का मामला बेहद संवेदनशील है। उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष जांच करते हुए दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की मांग की। वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज सैनी ने कहा कि कानून सभी के लिए समान होना चाहिए और किसी भी राजनीतिक दबाव में कार्रवाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि शीघ्र कार्रवाई नहीं होने पर कांग्रेस कार्यकर्ता आंदोलन करने को मजबूर होंगे। ओबीसी विभाग के जिलाध्यक्ष विकास चंद्रा ने कहा कि जांच में यदि वाहन चालक की लापरवाही या तेज गति से वाहन चलाने की पुष्टि होती है तो संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए आरोपी की गिरफ्तारी की जानी चाहिए। प्रतिनिधिमंडल में सोम त्यागी, जिला प्रवक्ता अमित अवस्थी, एससी विभाग के प्रदेश कॉर्डिनेटर अक्षय नागपाल, रानीपुर विधानसभा अध्यक्ष नन्द लाल यादव, विवेक त्यागी समेत अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।


