फुरकान अंसारी।
हरिद्वार। ऋषिकुल स्थित कार्यालय में भारत के प्रथम प्रधानमंत्री एवं आधुनिक भारत के निर्माता पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने उनके चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर देश के निर्माण में उनके योगदान को याद किया।

इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं प्रेस क्लब हरिद्वार के पूर्व अध्यक्ष मनोज सैनी और सोम त्यागी ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू दूरदर्शी नेता थे। उन्होंने देश की आजादी के आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के साथ ही स्वतंत्रता के बाद भारत को लोकतांत्रिक, धर्मनिरपेक्ष और प्रगतिशील राष्ट्र बनाने में अहम योगदान दिया। उनके कार्यकाल में शिक्षा, विज्ञान, तकनीक, उद्योग, चिकित्सा और अनुसंधान के क्षेत्र में अनेक महत्वपूर्ण संस्थानों की स्थापना हुई।

उन्होंने कहा कि नेहरू जी बच्चों से विशेष स्नेह रखते थे। बच्चे उन्हें प्यार से चाचा नेहरू कहते थे। उनका मानना था कि बच्चे देश का भविष्य हैं और बेहतर शिक्षा एवं संस्कारों से ही मजबूत राष्ट्र का निर्माण संभव है। इसी कारण उनकी जयंती को बाल दिवस के रूप में भी मनाया जाता है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि आज के दौर में नेहरू जी की लोकतांत्रिक सोच, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, सामाजिक सद्भाव और आपसी भाईचारे के विचारों को अपनाने की आवश्यकता है। उन्होंने संविधान और लोकतंत्र की रक्षा करने, गरीबों, मजदूरों, किसानों एवं वंचित वर्गों की आवाज उठाने तथा समाज में नफरत के बजाय प्रेम और एकता का संदेश फैलाने का संकल्प लिया।

उन्होंने कहा कि आधुनिक भारत के निर्माण में पंडित नेहरू का योगदान सदैव याद रखा जाएगा और उनके विचार आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करते रहेंगे।

इस अवसर पर राजू चित्कारा, संजय सैनी, धर्मराज सैनी, जवाहर चावला, जावेद आलम, कमल सैनी, नेकीराम, शिवम वाल्मीकि, प्रेम सिंह, आनंद, अनूप, इशांत जांगीड़, सोमपाल, राजेश, अंशुल, सोनू सैनी, प्रिंस गैरोला, पप्पू, अनूप ठेकेदार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Share.
Leave A Reply