फुरकान अंसारी।

हरिद्वार। कोतवाली रानीपुर पुलिस ने शिवलोक कॉलोनी के पास हुई लूट की घटना का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए चांदी के सिक्के, मूर्ति, पेंडल, एप्पल आईफोन, महत्वपूर्ण दस्तावेज, बैग समेत वारदात में प्रयुक्त कैंची और स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, 21 अगस्त की रात प्रदीप कुमार शर्मा निवासी शिवलोक कॉलोनी फेज-3 का तीन बदमाशों ने मोटरसाइकिल से पीछा कर बैग लूट लिया था। बैग में करीब 100 ग्राम चांदी के आभूषण, एप्पल आईफोन, दुकान की चाबियां, बीएचईएल मेडिकल कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस सहित अन्य दस्तावेज रखे थे। मामले में कोतवाली रानीपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर रानीपुर पुलिस ने सीआईयू की मदद से घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र के डिजिटल साक्ष्य खंगाले। मुखबिर तंत्र सक्रिय करने के बाद 25 अगस्त को बीएचईएल मटेरियल गेट के पास संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों को पकड़ लिया गया।

पूछताछ में आरोपियों की पहचान रितिक उर्फ टोपो (22), सौरभ (19) और राजीव सैनी उर्फ सागर (21) के रूप में हुई। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने कांवड़ मेले के दौरान बैरागी कैंप में दुकान लगाई थी। इसी दौरान उन्होंने सुनार की दुकान से आने-जाने वाले व्यक्ति की रेकी शुरू की। 21 अगस्त को पीछा करते हुए वे शिवलोक कॉलोनी पहुंचे और मौका पाकर कैंची से बैग का पट्टा काटकर बैग लूट लिया। विरोध करने पर आरोपियों ने पीड़ित के साथ छीना-झपटी की और कैंची से वार कर जान से मारने की धमकी दी।

लूट के बाद आरोपी सामान को राजा गार्डन, जगजीतपुर स्थित रितिक उर्फ टोपो के कमरे में ले गए। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कमरे की तलाशी लेकर लूटा गया सामान बरामद कर लिया।

बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) और आपराधिक षड्यंत्र के संबंध में धारा 3(5) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस आरोपियों से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है। तीनों आरोपियों को 26 अगस्त को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

पुलिस टीम

प्रभारी निरीक्षक मनोहर भण्डारी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक नन्द किशोर ग्वाड़ी, उपनिरीक्षक मंदीप सिंह, अपर उपनिरीक्षक सुबोध घड़ियाल, हेड कांस्टेबल जितेंद्र चौधरी, हेड कांस्टेबल बिमल सिंह, कांस्टेबल विवेक गुसाईं, कांस्टेबल प्रेम सिंह, कांस्टेबल उदय नेगी और कांस्टेबल चालक नीलय यादव शामिल रहे।

सीआईयू टीम: निरीक्षक नरेन्द्र सिंह बिष्ट और कांस्टेबल वसीम।

Share.
Leave A Reply