फुरकान अंसारी।
रुड़की। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के गणेशपुर में देर रात हुए डबल मर्डर का हरिद्वार पुलिस ने चंद घंटों में खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने अपनी दो बहनों पर फायरिंग कर उनकी हत्या कर दी। घटना के दौरान एक अन्य व्यक्ति को भी गोली लगने से गंभीर चोटें आईं, जिसका उपचार चल रहा है।
मामले में अर्जुन सिंह निवासी गणेशपुर, रुड़की की तहरीर पर कोतवाली गंगनहर में मुकदमा अपराध संख्या 327/2026, धारा 103(1), 109(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमों को सक्रिय किया।
एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। पुलिस को मिले इनपुट के आधार पर आरोपी विवेक उर्फ विक्की पुत्र जयपाल, निवासी चुड़ियाला, थाना भगवानपुर को चुड़ामणि मंदिर चौक के पास चुड़ियाला, भगवानपुर से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, छह खोखा कारतूस और घटना में इस्तेमाल स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की है। प्रारंभिक पूछताछ में हत्या के पीछे संपत्ति विवाद और चरित्र पर शक की बात सामने आई है। हालांकि, हत्या की वास्तविक वजह जानने के लिए पुलिस आरोपी से विस्तृत पूछताछ कर रही है।
पुलिस के अनुसार आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस टीम में सीओ रुड़की ओशीन जोशी, प्रभारी निरीक्षक मणी भूषण श्रीवास्तव, व0उ0नि0 दीप कुमार, उ0नि0 संतोष सेमवाल, नवीन कुमार, ब्रह्मदत्त विजलवाण, पंकज कुमार, हरीश गैरोला, अ0उ0नि0 मनीष कवि, कान्ता प्रसाद समेत पुलिसकर्मी शामिल रहे। वहीं सीआईयू रुड़की टीम में अ0उ0नि0 अश्वनी यादव, का0 आशीष शर्मा, अजय काला, रविन्द्र खत्री और महीपाल ने भी कार्रवाई में सहयोग किया।


