फुरकान अंसारी।

रुड़की, 23 अगस्त। ठेके कारोबारी अमन की हत्या के मामले में रुड़की पुलिस की कार्रवाई के दौरान देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया, जबकि मौके से फरार हुए उसके दो साथियों को भी पुलिस ने बाद में गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

 

जानकारी के अनुसार, ठेके कारोबारी अमन की हत्या के बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर लगातार दबिश और तलाश अभियान चलाया। इसी क्रम में 23 अगस्त की देर रात पुलिस को मुखबिर से बाइक सवार तीन संदिग्ध युवकों के संबंध में सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने उनका पीछा किया।

 

नगला इमरती के पास पुलिस ने बाइक सवार तीनों युवकों को घेरकर पकड़ने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार, इस दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी  निवासी ढंडेरा गोली लगने से घायल हो गया। उसे तत्काल उपचार के लिए रुड़की अस्पताल पहुंचाया गया।

 

पूछताछ के दौरान घायल आरोपी ने पुलिस को बताया कि अमन की हत्या में वह और उसके दो साथी शामिल थे। इसके बाद पुलिस ने फरार दोनों आरोपियों की तलाश में क्षेत्र में व्यापक कांबिंग अभियान चलाया। पुलिस की लगातार कार्रवाई के बाद दोनों फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

 

मुठभेड़ की सूचना मिलते ही पुलिस के उच्च अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटनाक्रम की जानकारी ली। वहीं, पुलिस अधीक्षक अपराध एवं पुलिस अधीक्षक ग्रामीण द्वारा अस्पताल पहुंचकर घायल आरोपी से भी पूछताछ कर मामले की जानकारी ली गई।

 

पुलिस द्वारा तीनों आरोपियों से पूछताछ कर अमन हत्याकांड में उनकी भूमिका, हत्या के कारण और घटना में प्रयुक्त हथियारों आदि के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई जारी है।

Share.
Leave A Reply