फुरकान अंसारी
हरिद्वार, 16 अगस्त। राष्ट्रीय क्रिश्चियन एकता संघ के अध्यक्ष जितेंद्र सिंह की अध्यक्षता में संघ के कार्यालय पर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सैकड़ों लोगों ने भाग लिया। इस दौरान संगठन के नवनियुक्त पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए तथा उन्हें संगठन की जिम्मेदारियों और कार्यप्रणाली से संबंधित दिशा-निर्देश दिए गए।
अध्यक्ष जितेंद्र सिंह ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि संगठन में मिला दायित्व केवल पद नहीं, बल्कि समाज सेवा, एकता और जरूरतमंद लोगों की सहायता की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
बैठक में अंकित कुमार को प्रदेश अध्यक्ष (उत्तराखंड), तेलु राम को रुड़की ग्रामीण जिला अध्यक्ष, अंकित कुमार को हरिद्वार जिला अध्यक्ष, रोहताश कुमार को राष्ट्रीय सचिव (भारत), गौरव कुमार को जिला अध्यक्ष सहारनपुर (उत्तर प्रदेश), कमल कांत को प्रदेश सचिव (उत्तराखंड), विक्रांत कुमार को ब्लॉक अध्यक्ष झबरेड़ा, विनय को देहरादून राजधानी जिला अध्यक्ष तथा किरण कुमार को लक्सर ब्लॉक अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।
संघ की ओर से पदाधिकारियों को संगठन विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण, समाज सेवा एवं जनकल्याण, आपसी एकता एवं समन्वय, केंद्रीय नेतृत्व के साथ नियमित संवाद एवं रिपोर्टिंग तथा संगठन के अनुशासन और सिद्धांतों का पालन करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में कहा गया कि राष्ट्रीय क्रिश्चियन एकता संघ का उद्देश्य समाज में भाईचारा, न्याय और एकता की भावना को मजबूत करना है। पदाधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में संगठन को मजबूत करने और जरूरतमंद लोगों की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने की अपेक्षा की गई।
संगठन ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि कोई पदाधिकारी सौंपे गए दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन नहीं करता है या अपने कार्य के प्रति असमर्थ अथवा अनिच्छुक पाया जाता है, तो केंद्रीय कार्यकारिणी समिति के निर्णय के अनुसार उसे पद से मुक्त किया जा सकता है।
अंत में सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों ने संगठन के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करने का संकल्प लिया।


