फुरकान अंसारी।
शिवालिक नगर। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर नगर पालिका परिषद शिवालिक नगर के अध्यक्ष राजीव शर्मा ने नगर पालिका परिषद शिवालिक नगर कार्यालय, शिवालिक नगर के दोनों व्यापार मंडलों सहित नगर के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया। तिरंगे के सम्मान में आयोजित कार्यक्रमों में राष्ट्रभक्ति और देशप्रेम का वातावरण देखने को मिला।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा ने कहा कि “तिरंगा केवल तीन रंगों से बना ध्वज नहीं, बल्कि भारत के गौरव, त्याग, शौर्य, एकता और संकल्प की पहचान है। स्वतंत्रता हमें असंख्य वीरों के त्याग और बलिदान से मिली है। हमारा दायित्व है कि हम उनकी कुर्बानियों को केवल स्मरण ही न करें, बल्कि अपने कर्मों के माध्यम से राष्ट्र को और मजबूत बनाने का संकल्प भी लें।”
उन्होंने कहा कि आज का भारत आत्मविश्वास के साथ विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। देश की प्रगति में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। हमें जाति, क्षेत्र और व्यक्तिगत भेदभाव से ऊपर उठकर राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए एक मजबूत, स्वच्छ, विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सहभागी बनना चाहिए।
नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि शिवालिक नगर को स्वच्छ, सुंदर, व्यवस्थित और विकसित नगर बनाना नगर पालिका की प्राथमिकता है। नगर के विकास के साथ-साथ नागरिकों की सुविधाओं में निरंतर विस्तार और सार्वजनिक स्थलों के सौंदर्यीकरण के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगरवासियों से आह्वान किया कि हर घर में तिरंगा, हर हृदय में देशभक्ति और हर कदम राष्ट्र निर्माण की भावना हो। यही हमारे स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
अंत में उन्होंने समस्त नगरवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित कीं।


