फुरकान अंसारी।
पौड़ी/देवप्रयाग। पौड़ी-देवप्रयाग मार्ग पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बोलेरो वाहन गहरी खाई में गिर जाने से एक ही परिवार के पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार थाना देवप्रयाग को सूचना मिली कि कुंडधार के निकट एक बोलेरो वाहन (संख्या UK08 BL 0387) अनियंत्रित होकर लगभग 250 मीटर गहरी खाई में गिर गया है। सूचना मिलते ही थाना देवप्रयाग पुलिस एवं एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
वाहन में कुल छह लोग सवार थे। रेस्क्यू अभियान के दौरान पांच लोगों को मृत अवस्था में बाहर निकाला गया, जबकि घायल अरमान पुत्र अफजाल, निवासी रायपुर जीतपुर, थाना कोतवाली लक्सर, जनपद हरिद्वार को उपचार के लिए बेस अस्पताल श्रीनगर भेजा गया।
मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई है—
अफजाल पुत्र अकबर सूफी (49 वर्ष)
शब्बो पत्नी अफजाल (40 वर्ष)
अन्नाविया पुत्री अफजाल (3 वर्ष)
शादाब पुत्र अफजाल (14 वर्ष)
गुफरान पुत्र अकबर (34 वर्ष)
सभी मृतक रायपुर जीतपुर, थाना कोतवाली लक्सर, जनपद हरिद्वार के निवासी थे।
पुलिस ने सभी शवों को खाई से निकालकर कब्जे में ले लिया है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक अफजाल पौड़ी क्षेत्र में ठेकेदारी का कार्य करते थे। बताया जा रहा है कि वह अपने परिवार के साथ घूमने के लिए पौड़ी की ओर जा रहे थे और स्वयं वाहन चला रहे थे। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।


