फुरकान अंसारी।

हरिद्वार, 7 अगस्त। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) हरिद्वार के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत कोतवाली ज्वालापुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने महज कुछ घंटों के भीतर झपट्टा मारकर पर्स छीनने की घटना का खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया पर्स, 2 हजार रुपये की नकदी तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, ज्वालापुर निवासी प्रीति पत्नी रामदयाल ने 4 अगस्त को तहरीर देकर बताया था कि सोंधी नर्सिंग होम के पास अज्ञात बाइक सवार बदमाश उनका पर्स झपटकर फरार हो गया। पर्स में 2 हजार रुपये नकद रखे थे। इस संबंध में कोतवाली ज्वालापुर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

एसएसपी के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक ज्वालापुर के नेतृत्व में प्रभारी चौकी रेल उपनिरीक्षक समीप पाण्डेय की टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने करीब 120 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, संदिग्धों से पूछताछ की और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर लाल पुल से जटवाड़ा पुल जाने वाली नहर पटरी के पास से दीपक प्रजापति पुत्र हरिओम प्रजापति, निवासी कुम्हार घड़ा, थाना कनखल को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से पीड़िता का पर्स, 2 हजार रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त TVS Raider (UK08-BG-9439) मोटरसाइकिल बरामद हुई। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की गई।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पहले भी थाना कनखल और कोतवाली ऋषिकेश क्षेत्र में चोरी समेत अन्य आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है। पुलिस के अनुसार आरोपी नशे का आदी है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक समीप पाण्डेय, कांस्टेबल दीपक चौहान, करम सिंह चौहान, नवीन छेत्री और अर्जुन चौहान शामिल रहे।

Share.
Leave A Reply