फुरकान अंसारी।

हरिद्वार, 1 अगस्त। मंगलौर क्षेत्र में कांवड़ यात्रा के दौरान एक कांवड़िए के साथ मारपीट और उसकी कार में तोड़फोड़ किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे सूचना मिली कि हाईवे फ्लाईओवर के निकट गोल्डन ढाबा के पास कुछ कांवड़िए एक अन्य कांवड़िए के साथ मारपीट कर रहे हैं। सूचना मिलते ही कोतवाली मंगलौर के प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। तब तक वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने स्थिति को नियंत्रित कर मामला शांत करा दिया था।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि अल्टो कार संख्या HR-38AC-7944 का चालक भी कांवड़िया था, जो हरिद्वार से गंगाजल लेकर दिल्ली स्थित अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान गोल्डन ढाबा फ्लाईओवर के समीप उसकी कार की टक्कर एक अज्ञात कांवड़िए की कांवड़ से हो गई, जिससे कांवड़ खंडित हो गई।

इसके बाद कुछ अज्ञात कांवड़ियों ने कार चालक के साथ मारपीट कर दी तथा उसकी कार को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के दौरान पुलिस ने मौके से राजा उर्फ राजेश निवासी गंगनहर को हिरासत में लिया। पीड़ित की तहरीर के आधार पर कोतवाली मंगलौर में अभियोग संख्या 388/2026 दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य संलिप्त व्यक्तियों की पहचान की जा रही है और उनके विरुद्ध भी नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

इस संबंध में हरिद्वार पुलिस ने सभी शिवभक्तों से अपील की है कि कांवड़ यात्रा आस्था और श्रद्धा का पावन पर्व है। सभी श्रद्धालु आपसी सौहार्द और अनुशासन बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार से शांति व्यवस्था भंग न करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था प्रभावित करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Share.
Leave A Reply