फुरकान अंसारी।

हरिद्वार। आज प्रातः लगभग 07:30 बजे दक्षिण काली मंदिर के सामने ड्यूटी पॉइंट पर तैनात रिक्रूट कांस्टेबल पवन सिंह नेगी एवं रिक्रूट कांस्टेबल चंद्र प्रकाश धस्माना ने देखा कि एक कार चालक ने अचानक अपनी कार को अनियंत्रित अवस्था में पुलिया के किनारे रोक दिया।

 

दोनों जवान तुरंत मौके पर पहुंचे तो कार में मौजूद महिला ने बताया कि उसके पति के सीने में अचानक तेज दर्द उठा है और उनकी तबीयत गंभीर रूप से बिगड़ गई है। मौके पर देखा गया कि व्यक्ति अचेत अवस्था में था, सांस लेने में कठिनाई हो रही थी तथा लगातार उल्टियां हो रही थीं।

 

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रिक्रूट कांस्टेबल पवन सिंह नेगी ने तत्काल 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी। वहीं दोनों रिक्रूट कांस्टेबलों ने बिना समय गंवाए मरीज को चंडी चौकी के समीप स्थित अस्थायी कांवड़ मेला अस्पताल पहुंचाया।

 

अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार (First Aid) देने के बाद जांच में मरीज की पल्स रेट अत्यंत कम पाई गई। चिकित्सकों ने तत्काल बेहतर उपचार हेतु कांवड़ मेला अस्पताल की एंबुलेंस से मरीज को जिला अस्पताल हरिद्वार रेफर कर दिया।

 

महिला ने भावुक होकर बताया कि यदि पुलिसकर्मियों ने समय पर सहायता नहीं की होती तो पति की जान को गंभीर खतरा हो सकता था। उन्होंने हरिद्वार पुलिस के दोनों रिक्रूट कांस्टेबलों का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए उनकी तत्परता और मानवता की सराहना की।

Share.
Leave A Reply