फुरकान अंसारी।

हरिद्वार, 28 जुलाई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देशन में कोतवाली बहादराबाद पुलिस ने एक सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार प्रेम प्रसंग, आपसी विवाद, ब्लैकमेल और पारिवारिक समारोह के दौरान हुए विवाद के चलते आरोपी ने युवती की हत्या की साजिश रची।

पुलिस के मुताबिक 24 जुलाई 2026 को ग्राम अलीपुर निवासी मोमिन ने कोतवाली बहादराबाद में तहरीर देकर अपनी पुत्री शहनुमा की हत्या का आरोप गांव के ही नावेद पुत्र रियासत तथा उसके परिजनों पर लगाया था। तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नवनीत सिंह ने तत्काल विशेष पुलिस टीम का गठन किया। आरोपी घटना के बाद फरार हो गया था, जबकि मृतका का शव भी बरामद नहीं हुआ था। ऐसे में यह मामला पूरी तरह ब्लाइंड था। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और लगातार की गई पूछताछ के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया।

27 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी मंगलौर क्षेत्र के भगवानपुर चंदनपुर गांव में अपने रिश्तेदारों के यहां छिपा हुआ है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका मृतका के साथ प्रेम संबंध था, लेकिन समय के साथ दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। आरोपी का आरोप है कि एक पारिवारिक शादी में युवती के डीजे पर डांस करने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। इसके बाद दोनों के रिश्तों में तनाव बढ़ता गया और कथित रूप से ब्लैकमेल तथा आपसी कहासुनी के चलते उसने हत्या की योजना बनाई।

पुलिस के अनुसार आरोपी युवती को कलियर ले गया, जहां दोनों एक होटल में रुके। अगले दिन तड़के वह उसे सुनसान स्थान पर ले गया, गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को गंगनहर में फेंक दिया। इसके बाद वह गांव लौट आया और सामान्य दिनचर्या अपनाने लगा।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने मृतका का मोबाइल फोन और आधार कार्ड भी बरामद कर लिया है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Share.
Leave A Reply