कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने निर्माण सामग्री की जांच के लिए इंजीनियरिंग टेस्टिंग लैब स्थापित करने और स्थायी पुलों के निर्माण की स्थिति स्पष्ट करने की उठाई मांग।

फुरकान अंसारी।
हरिद्वार। कुंभ मेला तैयारियों को लेकर कांग्रेस ने एक बार फिर प्रदेश सरकार को घेरा है। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान कुंभ के निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, थर्ड पार्टी ऑडिट और स्वच्छता व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने सरकार और मेला प्रशासन से कुंभ कार्यों की थर्ड पार्टी ऑडिट रिपोर्ट सार्वजनिक करने के साथ ही निर्माण कार्यों में इस्तेमाल की जा रही सामग्री की गुणवत्ता जांचने के लिए इंजीनियरिंग टेस्टिंग लैब स्थापित करने की मांग की।

आलोक शर्मा ने कहा कि कुंभ मेले की तैयारियों के नाम पर सरकार करोड़ों रुपये खर्च कर रही है, लेकिन कई निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सनातन के नाम पर सत्ता में आई भाजपा सरकार के कार्यकाल में अर्धकुंभ के निर्माण कार्य भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गए हैं। उन्होंने मेला प्रशासन से सवाल किया कि कुंभ कार्यों का थर्ड पार्टी ऑडिट किस एजेंसी से कराया जा रहा है और उसकी रिपोर्ट अब तक सार्वजनिक क्यों नहीं की गई।

उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में इस्तेमाल होने वाली सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है। पुरानी कंक्रीट की टेस्टिंग भी कराई जानी चाहिए थी, लेकिन इसके लिए अब तक टेस्टिंग लैब स्थापित नहीं की गई। उन्होंने स्थायी पुलों के निर्माण की स्थिति स्पष्ट करने की भी मांग उठाई।

कांग्रेस प्रवक्ता ने हरिद्वार की स्वच्छता व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि स्वच्छता रैंकिंग में शहर को कोई स्थान नहीं मिलना चिंता का विषय है। गंगनहर बंदी के दौरान स्वच्छता अभियान चलाए जाने के बावजूद धरातल पर अपेक्षित परिणाम दिखाई नहीं दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और व्यवस्थाओं पर ध्यान नहीं दिया गया तो कुंभ मेले के दौरान श्रद्धालुओं को परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।

प्रेस वार्ता में वरिष्ठ कांग्रेस नेता सोम त्यागी, मनोज सैनी, जिला अध्यक्ष बालेश्वर सिंह, बीके तिवारी और जिला प्रवक्ता अमित अवस्थी सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share.
Leave A Reply