फुरकान अंसारी।

हरिद्वार, 22 जुलाई। ज्वालापुर पुलिस ने मारपीट और फायरिंग की घटना में वांछित पिल्ला गैंग के एक आरोपी को अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। वहीं एक विधि-विवादित किशोर (बाल अपचारी) को भी संरक्षण में लिया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक देशी तमंचा एवं एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। मामले में शस्त्र अधिनियम सहित अन्य धाराओं की बढ़ोतरी की गई है। आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी आईसीजेएस (ICJS) एवं अन्य माध्यमों से जुटाई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, पीठ बाजार निवासी पिंकी रानी की तहरीर पर उनके पुत्र के साथ अब्दुल मंडल आश्रम के पास स्कूटी रोककर मारपीट करने के आरोप के खिलाफ कोतवाली ज्वालापुर में मुकदमा संख्या 523/2026 धारा 115(2), 126(2) एवं 191(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक ज्वालापुर चंद्रभान सिंह अधिकारी के नेतृत्व में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई। प्रभारी चौकी रेल उपनिरीक्षक समीप पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर लाल पुल के पास नहर पटरी क्षेत्र में दबिश देकर आरोप को गिरफ्तार कर लिया। उसके साथ एक विधि-विवादित किशोर को भी संरक्षण में लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि 20 जुलाई की रात पीठ बाजार स्थित सीएमआई अस्पताल के पास पारस नामक युवक पर तमंचे से फायर किया गया था। हालांकि गोली का निशाना चूक गया और घटना के बाद मौके पर भीड़ जुटने से सभी आरोपी वहां से फरार हो गए।

पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 109(1) बीएनएस एवं धारा 3/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी कर दी है। गिरफ्तार आरोपी एवं विधि-विवादित किशोर को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में 

उपनिरीक्षक समीप पाण्डेय (प्रभारी चौकी रेल)

कांस्टेबल कर्म सिंह चौहान

कांस्टेबल अंकित कवि शामिल रहे।

Share.
Leave A Reply