फुरकान अंसारी।
हरिद्वार, 21 जुलाई। जिला कांग्रेस कमेटी हरिद्वार के अध्यक्ष बालेश्वर सिंह ने संगठन को मजबूती देने के उद्देश्य से अजय कुमार मुखिया को जिला महासचिव मनोनीत किया। नियुक्ति के बाद वरिष्ठ कांग्रेस नेता संजय सैनी के कार्यालय पर कार्यकर्ताओं ने अजय कुमार मुखिया का फूलमालाओं से स्वागत कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष बालेश्वर सिंह ने कहा कि निकाय एवं आगामी चुनावों को देखते हुए सभी कार्यकर्ताओं को पूरी सक्रियता के साथ संगठन को मजबूत करना होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की नीतियों और जनहित के मुद्दों को घर-घर तक पहुंचाकर आम जनता को जागरूक करें। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी युवाओं, छात्रों और आम जनता के अधिकारों के लिए लगातार संघर्ष कर रहे हैं तथा कांग्रेस कार्यकर्ताओं का दायित्व है कि वे इस संघर्ष को जन-जन तक पहुंचाएं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है, जबकि छात्रों और बेरोजगार युवाओं की जायज मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता संजय सैनी ने कहा कि देश का पढ़ा-लिखा नौजवान अपने भविष्य को सुरक्षित देखना चाहता है। सरकार को युवाओं की समस्याओं का समाधान करने के बजाय उन पर लाठीचार्ज जैसी कार्रवाई नहीं करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में युवाओं की आवाज सुनना सरकार की जिम्मेदारी है और उनकी उपेक्षा जनता बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि युवा वर्ग आने वाले समय में लोकतांत्रिक तरीके से अपना जवाब देगा।
नवनियुक्त जिला महासचिव अजय कुमार मुखिया ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान, संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने तथा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जनता की आवाज बुलंद करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे।
इस अवसर पर झंडा सिंह, अक्षय सैनी, विशाल शर्मा, गुलशन शर्मा, सोनू, सुबोध, शीशपाल, जान मोहम्मद सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Share.
Leave A Reply