फुरकान अंसारी।
हरिद्वार,18 जुलाई 2026। माननीय सर्वोच्च न्यायालय के ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण संबंधी दिशा-निर्देशों के शत-प्रतिशत पालन को सुनिश्चित करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) हरिद्वार के निर्देश पर जनपदभर में विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान निर्धारित मानकों से अधिक ध्वनि स्तर पर संचालित हो रहे 94 धार्मिक स्थलों से लाउडस्पीकर हटवाए गए।
पुलिस द्वारा शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के विभिन्न धार्मिक स्थलों का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान शहर क्षेत्र से 31 तथा देहात क्षेत्र से 63 लाउडस्पीकर निर्धारित मानकों के विपरीत संचालित पाए गए, जिन्हें मौके पर ही हटवा दिया गया। संबंधित प्रबंधकों एवं समितियों को बिना सक्षम अनुमति तथा निर्धारित ध्वनि सीमा का पालन किए बिना लाउडस्पीकर संचालित न करने के निर्देश दिए गए।
अभियान के दौरान पुलिस ने ध्वनि प्रदूषण (विनियमन एवं नियंत्रण) नियमों, सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों एवं शासन के निर्देशों की जानकारी देते हुए लोगों को जागरूक भी किया। साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी गई कि भविष्य में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों एवं संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


