फुरकान अंसारी।
हरिद्वार। धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा और भैया दूज के पर्व को देखते हुए हरिद्वार पुलिस ने शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है। त्योहारों के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ और वाहनों के दबाव को नियंत्रित करने के लिए ज्वालापुर, हरिद्वार नगर, कनखल और रानीपुर क्षेत्र में यातायात प्रतिबंध, पार्किंग व्यवस्था और डायवर्जन लागू किए जाएंगे।
पुलिस के अनुसार, निर्धारित मार्गों पर सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक भारी वाहनों और कमर्शियल लोडिंग वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। यातायात का दबाव बढ़ने पर जरूरत के अनुसार वन-वे व्यवस्था भी लागू की जाएगी। पुलिस ने आमजन से निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।
ज्वालापुर क्षेत्र में यातायात व्यवस्था
नो-एंट्री: जटवाड़ा पुल से दुर्गा चौक, रेल चौकी, सेक्टर-2 होते हुए भगत सिंह चौक तक सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक भारी वाहन और सभी प्रकार के कमर्शियल लोडिंग वाहन प्रतिबंधित रहेंगे।
पार्किंग व्यवस्था:
– बीएचईएल, भगत सिंह चौक और सेक्टर-2 से ज्वालापुर आने वाले वाहनों के लिए ज्वालापुर इंटर कॉलेज, ज्वालापुर रेलवे स्टेशन परिसर तथा भगत सिंह चौक से सेक्टर-2 के मध्य सड़क के दोनों ओर खाली स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।
– सिंहद्वार और आर्यनगर चौक की ओर से आने वाले वाहनों को रेलवे अंडरपास से पहले रेलवे ट्रैक के पास खाली स्थान पर पार्क किया जाएगा।
– दुर्गा चौक की ओर से आने वाले वाहनों के लिए भाईचारा होटल के पास पार्किंग स्थल निर्धारित किया गया है।
– बीएचईएल से रानीपुर मोड़ चौक की ओर आने वाले वाहनों के लिए डॉ. चंदेला अस्पताल के सामने तथा भगत सिंह चौक से शिवमूर्ति चौक के मध्य सड़क के दोनों ओर खाली स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।
बैरियर प्वाइंट: सेक्टर-2 बैरियर, ज्वालापुर इंटर कॉलेज, दुर्गा चौक, भाईचारा होटल, रेलवे अंडरपास कट, श्रीराम चौक, घासमंडी चौक, गुप्ता केमिकल, रामलीला ग्राउंड ज्वालापुर और मैदानियान ज्वालापुर में बैरियर लगाए जाएंगे।
वन-वे व्यवस्था: रानीपुर मोड़ चौक पर यातायात का दबाव बढ़ने पर बीएचईएल और सेक्टर-2 की ओर से आने वाले वाहनों को भगत सिंह चौक से टिबड़ी होते हुए पुराने रानीपुर मोड़ की ओर वन-वे व्यवस्था के तहत भेजा जाएगा।
विशेष प्रतिबंध: श्रीराम चौक से कटहरा बाजार की ओर सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। यातायात दबाव बढ़ने पर सेक्टर-2 से श्रीराम चौक तक दोपहिया और चारपहिया वाहनों की आवाजाही भी प्रतिबंधित की जा सकती है।
हरिद्वार नगर क्षेत्र में लागू रहेगा विशेष ट्रैफिक प्लान
नो-एंट्री: सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक सूखी नदी तिराहे से भीमगोड़ा बैरियर तक तथा पंतद्वीप निकासी द्वार से भीमगोड़ा बैरियर तक सभी प्रकार के कमर्शियल लोडिंग वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। इसके अलावा वेदनिकेतन आश्रम तिराहे से श्मशान घाट की ओर जाने वाले मार्ग पर ऑटो, विक्रम और ई-रिक्शा का संचालन प्रतिबंधित रहेगा।
पार्किंग व्यवस्था:
– दूधाधारी और करपात्री चौक से खड़खड़ी की ओर आने वाले वाहनों के लिए सूखी नदी पार्किंग स्थल निर्धारित किया गया है।
– देवपुरा चौक और ऋषिकुल की ओर से पुराने रानीपुर मोड़ की तरफ आने वाले वाहनों को ऋषिकुल मैदान में पार्क किया जाएगा।
बैरियर प्वाइंट: सूखी नदी, भीमगोड़ा बैरियर, वेदनिकेतन आश्रम तिराहा और पंतद्वीप निकासी द्वार पर बैरियर लगाए जाएंगे।
वन-वे व्यवस्था: दूधाधारी की ओर से भीमगोड़ा आने वाले ऑटो, विक्रम, ई-रिक्शा और चारपहिया वाहनों को सूखी नदी तिराहे से बाईं ओर मोड़कर करपात्री चौक होते हुए हाईवे मार्ग से भेजा जाएगा।
कनखल क्षेत्र में भी रहेगी यातायात की विशेष व्यवस्था
नो-एंट्री: सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक सिंहद्वार से चौकी जगजीतपुर तक सभी प्रकार के कमर्शियल लोडिंग वाहन प्रतिबंधित रहेंगे।
पार्किंग व्यवस्था: कृष्णानगर पुलिया से प्रेमनगर चौक की ओर जाने वाले नहर पटरी मार्ग के किनारे खाली स्थानों पर वाहनों को पार्क किया जाएगा।
बैरियर प्वाइंट: सिंहद्वार, देशरक्षक तिराहा और चौकी जगजीतपुर पर बैरियर लगाए जाएंगे।
वन-वे व्यवस्था: सिंहद्वार से देशरक्षक के मध्य यातायात का दबाव बढ़ने पर शंकर आश्रम और ज्वालापुर की ओर से आने वाले वाहनों को प्रेमनगर चौक से जहान्वी डेल और रामदेव पुलिया होते हुए भेजा जाएगा।
यातायात डायवर्जन: रामदेव पुलिया, देशरक्षक तिराहा, कृष्णानगर पुलिया और सिंहद्वार पर अत्यधिक यातायात दबाव होने की स्थिति में लक्सर की ओर से हरिद्वार आने वाले वाहनों को जियापोता से सराय होते हुए डायवर्ट किया जाएगा।
रानीपुर क्षेत्र में भारी और कमर्शियल वाहनों पर प्रतिबंध
नो-एंट्री: सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक चिन्मय चौक से शिवालिकनगर चौक, बसपा तिराहा होते हुए सलेमपुर चौक तक सभी प्रकार के भारी और छोटे कमर्शियल लोडिंग वाहन प्रतिबंधित रहेंगे।
पार्किंग व्यवस्था: रोशनाबाद और बीएचईएल से शिवालिकनगर की ओर आने वाले वाहनों के लिए चिन्मय डिग्री कॉलेज के सामने खाली स्थान तथा शिवालिकनगर चौक के निकट बी-गेट के सामने पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं।
बैरियर प्वाइंट: शिवालिकनगर चौक और बसपा तिराहे पर बैरियर लगाए जाएंगे।
पुलिस की आमजन और व्यापारियों से अपील
त्योहारी सीजन में यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए हरिद्वार पुलिस ने आमजन और व्यापारियों से सहयोग की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि बाजारों में आने वाले लोग अपने वाहन निर्धारित और चिह्नित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें। त्योहारों के दौरान अधिक से अधिक दोपहिया वाहनों का प्रयोग करें, जिससे बाजारों में यातायात का दबाव कम किया जा सके।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नो-पार्किंग में खड़े वाहनों के खिलाफ लगातार टोइंग की कार्रवाई की जा रही है और नो-एंट्री नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा। साथ ही, यातायात दबाव को देखते हुए लागू की जाने वाली वन-वे व्यवस्था का पालन करने की अपील की गई है।
व्यापारियों से भी अनुरोध किया गया है कि वे दुकानों के सामने वाहन खड़े करने वाले ग्राहकों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर वाहन खड़ा करने के लिए प्रेरित करें, ताकि त्योहारों के दौरान बाजारों में आवागमन सुचारु बना रहे।


