लोकेश कुमार पत्रकार 

लक्सर। सुल्तानपुर आदमपुर में नाबालिग लड़की के साथ हुए कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले को लेकर भारतीय किसान यूनियन (क्रांति) ने आक्रोश व्यक्त करते हुए लक्सर के क्षेत्राधिकारी (सीओ) को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने मामले में नामजद आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि 24 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो संगठन बड़े स्तर पर आंदोलन शुरू करेगा।

 

ज्ञापन सौंपने के दौरान भाकियू (क्रांति) के पदाधिकारियों ने कहा कि नाबालिग के साथ हुई यह घटना बेहद शर्मनाक और मानवता को झकझोर देने वाली है। ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जा सकती। संगठन ने मांग की कि पुलिस मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच कर सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करे तथा कानून के अनुसार कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करे।

 

जिला अध्यक्ष अनिल चौधरी ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। यदि इस तरह की घटनाओं में समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो अपराधियों के हौसले बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि पीड़िता और उसके परिवार को न्याय दिलाने के लिए संगठन हर स्तर पर संघर्ष करेगा।

 

संगठन के प्रदेश अध्यक्ष यूनुस खान ने कहा कि प्रशासन को इस मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि 24 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है तो भारतीय किसान यूनियन (क्रांति) सड़क पर उतरकर धरना-प्रदर्शन करेगी और आवश्यकता पड़ने पर व्यापक जनआंदोलन भी शुरू किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

 

ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रदेश महासचिव पंकज सैनी, जिला सचिव अनिल सैनी, नगर अध्यक्ष प्रभारी बलबीर सिंह, युवा प्रदेश अध्यक्ष सोमवीर सैनी सहित बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में दोषियों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई और पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग उठाई।

Share.
Leave A Reply