लोकेश कुमार पत्रकार
लक्सर। आगामी 17 जुलाई को देहरादून में आयोजित होने वाले कांग्रेस के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर लक्सर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक का नेतृत्व कांग्रेस नेता जितेंद्र पंवार ने किया।
बैठक को संबोधित करते हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं मंगलौर विधायक काजी निजामुद्दीन ने कहा कि कार्यक्रम में अधिक से अधिक छात्रों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए कार्यकर्ताओं के साथ विस्तृत चर्चा की गई। उन्होंने बताया कि छात्रों को व्यवस्थित रूप से देहरादून पहुंचाने की तैयारियां की जा रही हैं।
काजी निजामुद्दीन ने दावा किया कि कार्यक्रम में कांग्रेस नेता राहुल गांधी को सुनने के लिए बड़ी संख्या में छात्रों ने पंजीकरण कराया है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में प्रदेशभर से छात्रों और युवाओं की भारी भागीदारी रहने की उम्मीद है। बैठक में कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम को सफल बनाने का संकल्प लिया।


