फुरकान अंसारी।
हरिद्वार,15/07/2026। कोतवाली ज्वालापुर पुलिस ने बुलेट मोटरसाइकिल चोरी की घटना का चंद घंटों में खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक विधि-विवादित किशोर को संरक्षण में लिया गया। पुलिस ने चोरी की गई बुलेट मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार आर्य नगर निवासी योगी राजनाथ की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ बुलेट मोटरसाइकिल चोरी का मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक ज्वालापुर चंद्रभान सिंह अधिकारी के नेतृत्व में पुलिस टीमों का गठन किया गया।
जांच के दौरान मुखबिर की सूचना, सीसीटीवी फुटेज और सघन तलाश के आधार पर पुलिस ने लाल पुल पार नहर पटरी क्षेत्र से एक बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना निवास हरिद्वार बताया। इनके साथ एक विधि-विवादित किशोर को भी संरक्षण में लिया गया। आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई बुलेट मोटरसाइकिल बरामद हुई।
सख्ती से पूछताछ में आरोपियों ने मोटरसाइकिल चोरी की घटना स्वीकार करते हुए बताया कि उन्होंने कुछ दिन पहले राजीव नगर कॉलोनी क्षेत्र से बुलेट चोरी की थी। मामले में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
बरामदगी व गिरफ्तारी में पुलिस टीम में प्रभारी चौकी रेल उपनिरीक्षक स.पाण्डेय, कांस्टेबल अर्जुन चौहान एवं कांस्टेबल रविंद्र चौहान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


