फुरकान अंसारी।
हरिद्वार,15/जुलाई 2026। भीम आर्मी के जिला सचिव आफताब अंसारी ने वर्ष 2026 की नई मतदाता सूची को लेकर वार्ड संख्या 50 के मैदानियान स्थित बूथ संख्या 6 में गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि मतदाता सूची में कई ऐसे व्यक्तियों के नाम दर्ज हैं, जो वर्तमान में संबंधित पते पर निवास ही नहीं करते। कुछ मकान स्वामियों ने भी बताया कि सूची में दर्ज कुछ लोग उनके घर में कभी रहे ही नहीं, जबकि उनके नाम मतदाता सूची में दर्शाए गए हैं।
आफताब अंसारी ने बताया कि मतदाता सूची में ऐसे लोगों के नाम भी शामिल हैं, जो पहले किराएदार के रूप में यहां रहते थे, लेकिन अब दूसरी विधानसभा क्षेत्रों में स्थायी रूप से बस चुके हैं। इसके बावजूद उनके नाम अभी भी पुराने पते पर दर्ज हैं, जिससे मतदाता सूची की पारदर्शिता और शुद्धता पर सवाल उठ रहे हैं।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में संबंधित बीएलओ (Booth Level Officer) से फोन पर संपर्क किया गया। बीएलओ ने कहा कि जिन मतदाताओं का स्थायी निवास अब किसी अन्य विधानसभा क्षेत्र में है, उन्हें निर्वाचन आयोग के नियमों के अनुसार अपने पुराने पते से नाम हटवाकर वर्तमान विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में नाम दर्ज कराना चाहिए। यदि कोई व्यक्ति पात्र न होने के बावजूद पुराने पते पर मतदाता के रूप में दर्ज पाया जाता है, तो निर्वाचन आयोग के प्रावधानों के अनुसार उसका नाम हटाने की कार्रवाई की जा सकती है।
भीम आर्मी के जिला सचिव आफताब अंसारी ने निर्वाचन आयोग से पूरे मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच कराने, मतदाता सूची में दर्ज त्रुटियों को दूर करने तथा नियमों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि मतदाता सूची पूरी तरह पारदर्शी, त्रुटिरहित और वास्तविक निवास के आधार पर तैयार की जानी चाहिए, ताकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया की निष्पक्षता और विश्वसनीयता बनी रहे।


