लोकेश कुमार पत्रकार 

लक्सर। लक्सर अधिवक्ता संघ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह चंदन पैलेस में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हरिद्वार के जिला एवं सत्र न्यायाधीश नरेंद्र दत्त ने शिरकत की और नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

 

समारोह को संबोधित करते हुए जिला एवं सत्र न्यायाधीश नरेंद्र दत्त ने कहा कि न्याय व्यवस्था की मजबूती बार और बेंच के आपसी विश्वास, सम्मान और समन्वय पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि समय-समय पर मतभेद उत्पन्न हो सकते हैं, लेकिन संवाद, संयम और मध्यस्थता के माध्यम से हर समस्या का समाधान संभव है। उन्होंने अधिवक्ताओं से संगठन की गरिमा बनाए रखते हुए न्याय व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने का आह्वान किया।

 

शपथ ग्रहण समारोह में एडवोकेट सेठपाल सिंह ने अध्यक्ष तथा एडवोकेट ऋषिपाल सिंह चौहान ने सचिव पद की शपथ ली। इसके अलावा अधिवक्ता संघ के अन्य नवनिर्वाचित पदाधिकारियों और कार्यकारिणी सदस्यों ने भी पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की।

 

इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष विकास पंवार, संरक्षक ज्ञानेश्वर ठकराल, न्यायिक अधिकारी, वरिष्ठ अधिवक्ता तथा बड़ी संख्या में अधिवक्ता और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए अधिवक्ता संघ के उज्ज्वल एवं सफल कार्यकाल की कामना की गई।

Share.
Leave A Reply