फुरकान अंसारी।

हरिद्वार/लक्सर,10 जुलाई 2026। विधानसभा क्षेत्र लक्सर के ग्राम जैनपुर, लादपुर मुहम्मदपुर एवं आसपास के क्षेत्रों में सोलानी नदी का जलस्तर बढ़ने से तटबंध के ऊपर से पानी निकल आया, जिससे कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। सूचना मिलते ही विधायक शहजाद बिना समय गंवाए मौके पर पहुंचे और प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया।

विधायक शहजाद ने तहसीलदार लक्सर सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों को तत्काल घटनास्थल पर बुलाकर स्थिति का जायजा लिया। उनके निर्देश पर जल निकासी एवं राहत कार्य तुरंत शुरू कराए गए। साथ ही अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि प्रभावित ग्रामीणों को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने पाए तथा राहत एवं बचाव कार्य पूरी तत्परता और संवेदनशीलता के साथ किए जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए आवश्यक सभी कदम प्राथमिकता के आधार पर उठाए जाएं।

निरीक्षण के दौरान विधायक शहजाद ने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते जनता की सेवा ही उनकी पहली जिम्मेदारी है और क्षेत्रवासियों की सुरक्षा एवं सुविधा से बढ़कर उनके लिए कुछ भी नहीं है।

विधायक शहजाद ने कहा, “मैं विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक को विश्वास दिलाता हूं कि किसी भी विपरीत परिस्थिति में आपका यह सेवक हर पल आपके साथ खड़ा रहेगा। आपकी सुरक्षा, सुविधा और सम्मान मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रशासन के साथ लगातार समन्वय बनाकर स्थिति पर पूरी नजर रखी जा रही है। जहां भी आवश्यकता होगी, वहां तत्काल राहत और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे। किसी भी प्रभावित परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। क्षेत्र के लोगों की हर समस्या का समाधान कराने के लिए मैं स्वयं निरंतर प्रयासरत हूं और आगे भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ जनता की सेवा करता रहूंगा।”

Share.
Leave A Reply