लोकेश कुमार पत्रकार
लक्सर। दरगाहपुर गांव में सड़क निर्माण को लेकर चल रहे विवाद पर वरिष्ठ भाजपा नेता अजय वर्मा और वर्ष 2027 में लक्सर विधानसभा चुनाव लड़ने की घोषणा कर चुके वरिष्ठ पत्रकार प्रवीण सैनी ने अपनी-अपनी प्रतिक्रिया देते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। वरिष्ठ पत्रकार प्रवीण सैनी ने कहा कि दरगाहपुर गांव में सड़क निर्माण में कथित अनियमितताओं का मामला लंबे समय से चर्चा में है। उनका कहना है कि मौजूदा विधायक मोहम्मद शहजाद इस पूरे प्रकरण को राजनीतिक बता रहे हैं और यह भी कह रहे हैं कि एक पत्रकार विधायक की श्रेणी में आना चाहता है। इस पर प्रवीण सैनी ने कहा कि उनका इस मामले में कोई राजनीतिक हित नहीं है हालांकि वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव लड़ने की घोषणा के बाद से विधायक उनके प्रति बौखलाए हुए हैं। उन्होंने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की मांग की। वहीं वरिष्ठ भाजपा नेता अजय वर्मा ने कहा कि कपिल कुमार गोयल किसी राजनीतिक दल से जुड़े व्यक्ति नहीं है बल्कि एक सामाजिक कार्यकर्ता हैं। उनके अनुसार कपिल गोयल ने लोगों के हित में सड़क निर्माण से संबंधित शिकायत उठाई है। उन्होंने दावा किया कि शिकायत चंद्रपाल सैनी के मकान से राहुल सैनी के मकान तक सड़क निर्माण नहीं होने को लेकर की गई थी लेकिन संबंधित स्थल पर अब तक किसी अधिकारी द्वारा पैमाइश नहीं की गई। उनका आरोप है कि अन्य सड़कों की पैमाइश कर कार्रवाई दिखाना केवल लीपापोती है। उन्होंने यह भी कहा कि विधायक मोहम्मद शहजाद द्वारा मामले को राजनीतिक बताए जाने से वह सहमत नहीं हैं।


