फुरकान अंसारी।

हरिद्वार, 07 जुलाई। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में मंगलवार को मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना एवं मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना 2026-27 के अंतर्गत प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के चयन को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद, विकासखंड, न्याय पंचायत तथा नगर क्षेत्र स्तर पर गठित समितियों के माध्यम से चयन प्रक्रिया की कार्ययोजना तय की गई।

मुख्य विकास अधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि विद्यालय स्तर पर प्रधानाचार्य की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय समिति गठित कर प्राथमिक चयन कराया जाए। निर्धारित पी-सेट मानकों के आधार पर छह आयु वर्गों में प्रत्येक विद्यालय से दो बालक एवं दो बालिकाओं का चयन किया जाएगा। चयन के लिए खिलाड़ी का उत्तराखंड का स्थायी निवासी होना आवश्यक होगा। आयु सत्यापन के लिए जन्म प्रमाण-पत्र अथवा विद्यालय द्वारा जारी अंकपत्र/बोनाफाइड प्रमाण-पत्र मान्य होगा। चयनित खिलाड़ियों को अपनी बैंक पासबुक की प्रति भी प्रस्तुत करनी होगी।

बैठक में निर्णय लिया गया कि न्याय पंचायत, नगर पंचायत एवं नगरीय क्षेत्रों में चयन स्थलों का निर्धारण खंड शिक्षा अधिकारियों के माध्यम से किया जाएगा। जिला क्रीड़ा अधिकारी चयन प्रक्रिया से जुड़े जिला एवं विकासखंड खेल समन्वयकों का कार्यशाला के माध्यम से प्रशिक्षण कराएंगे। चयन प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाने के लिए सभी गतिविधियों की वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराई जाएगी। आवश्यक खेल सामग्री एवं अन्य व्यवस्थाएं खेल विभाग और शिक्षा विभाग आपसी समन्वय से सुनिश्चित करेंगे।

जनपद स्तर पर प्रत्येक आयु वर्ग में 25-25 बालक एवं 25-25 बालिकाओं का चयन किया जाएगा। इस प्रकार कुल 300 मेधावी खिलाड़ियों को चयनित कर ₹1,500 प्रतिमाह छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। साथ ही चयनित खिलाड़ियों को खेल प्रतिभा निखारने के लिए जिला खेल कार्यालय की ओर से समय-समय पर निःशुल्क तकनीकी मार्गदर्शन एवं प्रशिक्षण भी उपलब्ध कराया जाएगा।

बैठक में स्वास्थ्य विभाग को प्रत्येक चयन स्थल पर प्राथमिक उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा संबंधित विभागों को पेयजल एवं स्वच्छता की जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग द्वारा आवश्यकतानुसार पीआरडी स्वयंसेवकों एवं अधिकारियों की तैनाती भी की जाएगी।

बैठक के अंत में जिला क्रीड़ा अधिकारी ने सभी अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए गत वर्ष की भांति सहयोग बनाए रखने तथा चयन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने का आग्रह किया।

बैठक में उप मुख्य चिकित्साधिकारी, मुख्य शिक्षा अधिकारी, जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी, व्यायाम प्रशिक्षक, जिला खेल समन्वयक तथा सभी विकासखंड खेल समन्वयक उपस्थित रहे।

Share.
Leave A Reply