फुरकान अंसारी।
हरिद्वार,28/06/2026। कोतवाली बहादराबाद पुलिस ने अपनी पत्नी को जहर देकर मौत के घाट उतारने वाले आरोपी पति को गिरफ्तार कर हत्या के एक सनसनीखेज मामले का खुलासा किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर मामले की जांच स्वयं कोतवाली प्रभारी द्वारा की जा रही थी। वैज्ञानिक साक्ष्यों और एफएसएल रिपोर्ट के आधार पर आरोपी की गिरफ्तारी संभव हो सकी।
पुलिस के अनुसार, 4 फरवरी 2026 को मोहम्मद अनीश पुत्र नियाज निवासी ग्राम मरगूबपुर, कोतवाली बहादराबाद ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी बहन को उसके पति अफजाल ने इलाज के बहाने पानी में जहरीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया, जिससे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बहादराबाद पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। घटना स्थल का निरीक्षण कर फील्ड यूनिट टीम ने आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए, जबकि पोस्टमार्टम के बाद मृतका का बिसरा परीक्षण के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा गया।
जांच के दौरान प्राप्त एफएसएल रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि महिला की मौत जहरीले पदार्थ के सेवन से हुई थी। इसके बाद पुलिस ने वैज्ञानिक साक्ष्यों और विवेचना में सामने आए तथ्यों के आधार पर मृतका के पति अफजाल को आरोपी मानते हुए उसकी तलाश शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार फरार चल रहा था और क्षेत्र छोड़कर भागने की फिराक में था। मुखबिर से मिली सूचना पर कार्रवाई करते हुए बहादराबाद पुलिस टीम ने 27 जून 2026 को बढ़ेड़ी राजपूतान हाईवे पुल, शांतर्शाह क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अपनी पत्नी की बीमारी से परेशान था। इसी कारण उसने कथित तौर पर उसे जहरीला पदार्थ देकर मौत के घाट उतारने की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
अमरजीत सिंह, प्रभारी निरीक्षक, कोतवाली बहादराबाद
उपनिरीक्षक करम सिंह
कांस्टेबल अरुण चमोली
कांस्टेबल विकास थापा।


