फुरकान अंसारी।
हरिद्वार, 24 जून। कोतवाली ज्वालापुर पुलिस ने अवैध पशु कटान के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में भैंस वंशीय मांस और कटान में प्रयुक्त उपकरणों के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से करीब 80 किलोग्राम भैंस वंशीय मांस बरामद किया, जिसे पशु चिकित्सा अधिकारी की मौजूदगी में नष्ट करा दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 23 जून को मुखबिर खास से सूचना मिली थी कि मोहल्ला कस्सावान स्थित चौधरी वाली गली की छोटी पुलिया के पास एक मकान में अवैध पशु कटान किया जा रहा है। सूचना मिलते ही कोतवाली ज्वालापुर प्रभारी निरीक्षक के निर्देश पर रेल चौकी प्रभारी उप निरीक्षक समीप पाण्डेय अपनी पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके के लिए रवाना हुए।
मुखबिर की निशानदेही पर पुलिस टीम ने संबंधित मकान पर दबिश दी, जहां एक व्यक्ति अवैध रूप से भैंस वंशीय पशु का कटान करता हुआ मिला। पूछताछ में उसने अपना नाम आरिफ पुत्र इकबाल निवासी चौधरी वाली गली, मोहल्ला कस्सावान, कोतवाली ज्वालापुर बताया। पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
मौके के निरीक्षण के दौरान पुलिस को भारी मात्रा में मांस, भैंस वंशीय पशु की खाल तथा सिर के अवशेष बरामद हुए, जिनसे प्रथम दृष्टया यह भैंस वंशीय पशु का मांस प्रतीत हुआ। मामले की पुष्टि के लिए पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. रेणुका को मौके पर बुलाया गया।
डॉ. रेणुका ने बरामद मांस और खाल के नमूने लेकर उन्हें सील कर परीक्षण हेतु प्रयोगशाला भेजने की कार्रवाई की। वहीं, बरामद लगभग 80 किलोग्राम मांस को पशु चिकित्सा अधिकारी की उपस्थिति में नियमानुसार नष्ट कराया गया। पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कटान में प्रयुक्त लोहे के चाकू, कुल्हाड़ी तथा अन्य उपकरण भी बरामद किए हैं। आरोपी को आवश्यक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जाएगा।

पुलिस टीम में 
रेल चौकी प्रभारी उ0नि0 समीप पाण्डेय
हेड कांस्टेबल गोवर्धन प्रसाद
कांस्टेबल अर्जुन चौहान
कांस्टेबल अनिल वर्मा शामिल रहे।

Share.
Leave A Reply