फुरकान अंसारी।

हरिद्वार, 24 जून। ज्वालापुर पुलिस ने वाहन चोरी की दो बड़ी घटनाओं का खुलासा करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई एक इको स्पोर्ट कार और एक छोटा हाथी लोडर बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी पूर्व में भी वाहन चोरी के कई मामलों में जेल जा चुका है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर वाहन चोरी की घटनाओं के शीघ्र खुलासे के लिए प्रभारी निरीक्षक ज्वालापुर चन्द्रभान सिंह अधिकारी के नेतृत्व में अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी ज्वालापुर के निर्देशन में गठित टीमों ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए सीसीटीवी फुटेज और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ के आधार पर जांच शुरू की।

पुलिस के अनुसार, हरियाणा के यमुनानगर निवासी देशराज पुत्र राकेश की इको स्पोर्ट कार संख्या HR-51 AV-0852 21 जून 2026 को ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र से चोरी हो गई थी। कार में एक लावा कंपनी का कीपैड मोबाइल फोन, कपड़े, आरसी, पैन कार्ड, आधार कार्ड, एटीएम कार्ड समेत अन्य दस्तावेज भी रखे हुए थे। वहीं, ज्वालापुर के आर्य नगर निवासी जुगल किशोर सिंह पुत्र जंगी सिंह का छोटा हाथी लोडर संख्या UK-08 CB-2958 22 जून को सब्जी मंडी क्षेत्र से चोरी कर लिया गया था। दोनों मामलों में ज्वालापुर कोतवाली में मुकदमे दर्ज किए गए थे।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने 24 जून को मुखबिर की सूचना पर फरमान पुत्र निसार निवासी कैथवाड़ा, बकरा मार्केट, ज्वालापुर को रेगुलेटर पुल के पास से चोरी किए गए छोटे हाथी लोडर के साथ गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने सब्जी मंडी से छोटा हाथी लोडर चोरी किया था। वाहन की तलाशी के दौरान डैशबोर्ड से एक बंद अवस्था में लावा कंपनी का कीपैड मोबाइल फोन बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि यह मोबाइल उसे 21 जून को ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र से चोरी की गई इको स्पोर्ट कार से मिला था।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की गई इको स्पोर्ट कार को यादव पेट्रोल पंप के समीप करीब 400 मीटर अंदर झाड़ियों में छिपाकर रखे स्थान से बरामद कर लिया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी भी की गई है।

पुलिस के अनुसार आरोपी नशे का आदी है और इससे पहले भी वाहन चोरी के आधा दर्जन से अधिक मामलों में जेल जा चुका है। आरोपी को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जाएगा।

आरोपी का आपराधिक इतिहास

गिरफ्तार आरोपी फरमान के खिलाफ वर्ष 2023 और 2024 में ज्वालापुर कोतवाली में वाहन चोरी और चोरी का सामान रखने के आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं तथा वह पूर्व में भी जेल जा चुका है।

बरामदगी

इको स्पोर्ट कार संख्या HR-51 AV-0852

छोटा हाथी लोडर संख्या UK-08 CB-2958

पुलिस टीम

इस कार्रवाई में प्रभारी चौकी बाजार उप निरीक्षक देवेंद्र पाल सिंह, उप निरीक्षक मनीष भंडारी, हेड कांस्टेबल संजीव राठी, कांस्टेबल दिनेश कुमार, कांस्टेबल अरुण कोटनाला, कांस्टेबल अंकुर चौधरी एवं कांस्टेबल देवेंद्र कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Share.
Leave A Reply