फुरकान अंसारी।
हरिद्वार,24/06/2026। आगामी निर्जला एकादशी स्नान मेला पर्व को सकुशल एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। बुधवार को ऋषिकुल ऑडिटोरियम में मेला ड्यूटी में तैनात पुलिस बल की ब्रीफिंग आयोजित की गई, जिसमें सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन को लेकर विस्तृत कार्ययोजना साझा की गई।
एसपी क्राइम एवं ट्रैफिक निशा यादव की अध्यक्षता में आयोजित ब्रीफिंग में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण शेखर सुयाल सहित अन्य अधिकारियों ने पुलिस कर्मियों को मेला ड्यूटी से जुड़े आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने हाल ही में सोमवती अमावस्या स्नान पर्व के दौरान उमड़ी भारी भीड़ का उल्लेख करते हुए इस बार अतिरिक्त सुरक्षा एवं यातायात प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पुलिस प्रशासन द्वारा मेला क्षेत्र को 04 सुपर जोन, 12 जोन और 30 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन और सेक्टर के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए बीडीएस टीम, डॉग स्क्वॉड, जल पुलिस, घुड़सवार दल और सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था को सक्रिय रखा जाएगा। रेलवे स्टेशन, बस अड्डों तथा मेला क्षेत्र के संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। कंट्रोल रूम से सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से पूरे मेला क्षेत्र की चौबीसों घंटे मॉनिटरिंग की जाएगी।
भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सादे वस्त्रों में पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी, जो संदिग्ध गतिविधियों और अफवाह फैलाने वाले तत्वों पर नजर रखेंगे। इसके अलावा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों को टो कर हटाने और जुर्माने की कार्रवाई भी की जाएगी।
ब्रीफिंग के दौरान अधिकारियों ने पुलिस कर्मियों को भीषण गर्मी को देखते हुए पर्याप्त पानी, ग्लूकोज और ओआरएस साथ रखने की सलाह दी। साथ ही सभी कर्मचारियों को ड्यूटी प्वाइंट की जानकारी, ट्रैफिक प्लान की समझ और आपसी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
चारधाम यात्रा और सप्ताहांत के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। विशेष रूप से हर की पौड़ी, मनसा देवी मंदिर और चंडी देवी मंदिर सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों एवं राष्ट्रीय राजमार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा, ताकि श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारू बनी रहे और किसी प्रकार की भगदड़ या अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।
निर्जला एकादशी स्नान मेले के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा कुल 04 अपर पुलिस अधीक्षक, 12 पुलिस उपाधीक्षक, 19 निरीक्षक एवं थानाध्यक्ष, 55 उपनिरीक्षक, 209 हेड कांस्टेबल एवं कांस्टेबल, 36 महिला कांस्टेबल, 200 होमगार्ड, 200 पीआरडी जवान, 03 सीएपीएफ कंपनियां, 01 एसडीआरएफ टीम, 02 एटीएस सब-कंपनियां, 04 फायर टेंडर यूनिट, 02 बीडीएस एवं डॉग स्क्वॉड टीमों समेत बड़ी संख्या में पुलिस और सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।
पुलिस अधिकारियों ने भरोसा जताया कि बेहतर समन्वय, आधुनिक निगरानी व्यवस्था और प्रभावी भीड़ प्रबंधन के माध्यम से निर्जला एकादशी स्नान पर्व को सुरक्षित, व्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराया जाएगा।


