फुरकान अंसारी।
हरिद्वार पुलिस द्वारा अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में हत्या के एक गंभीर मामले में फरार चल रहे दो नामजद आरोपियों के विरुद्ध कोतवाली भगवानपुर पुलिस ने माननीय न्यायालय के आदेश पर धारा 84 BNSS के अंतर्गत उद्घोषणा की कार्रवाई की।
ज्ञात हो कि दिनांक 17 मई 2026 को होटल धरोहर में कलीम नामक युवक के साथ होटल संचालकों द्वारा मारपीट की गई थी, जिसके परिणामस्वरूप उसकी मृत्यु हो गई थी। इस संबंध में पंजीकृत मुकदमे में भगवानपुर पुलिस पूर्व में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज चुकी है।
मामले में नामजद आरोपी अर्पित पुत्र प्रवीण चौहान निवासी खुब्बनपुर तथा ऋषिकेश सिंह पुत्र रमेश सिंह निवासी खुब्बनपुर, थाना भगवानपुर, जनपद हरिद्वार गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार फरार चल रहे हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशानुसार फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश एवं तलाश अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में माननीय न्यायालय रुड़की से प्राप्त आदेश के अनुपालन में दिनांक 17 जून 2026 को मुकदमा अपराध संख्या 207/2026, धारा 103(1), 115(2), 127(2), 352, 238(1), 61(2) एवं 315 BNS से संबंधित दोनों फरार आरोपियों के आवासों पर पुलिस टीम ने ढोल-नगाड़ों के साथ उद्घोषणा की कार्रवाई की।
उद्घोषणा के माध्यम से आमजन को सूचित किया गया कि दोनों आरोपी न्यायालय द्वारा निर्धारित अवधि के भीतर उपस्थित हों, अन्यथा उनके विरुद्ध नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
हरिद्वार पुलिस का स्पष्ट संदेश
अपराध कर फरार होने वाले किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। कानून से बचने का हर प्रयास विफल किया जाएगा और आरोपियों को हर हाल में सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा।


