फुरकान अंसारी।
हरिद्वार। ज्वालापुर स्थित ग्राम सराय निवासी प्रतिभाशाली छात्र सत्यम जोशी ने संयुक्त प्रवेश परीक्षा पॉलिटेक्निक (JEEP-2026) में पूरे उत्तराखंड में 6वीं रैंक प्राप्त कर अपने परिवार, विद्यालय और क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है। उनकी इस उल्लेखनीय सफलता से ग्राम सराय सहित पूरे क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल है।
सत्यम, सुनील जोशी एवं लक्ष्मी जोशी के सुपुत्र हैं। उन्होंने अपनी मेहनत, लगन और अनुशासित अध्ययन के बल पर यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। सत्यम पिछले दो वर्षों से सराय स्थित क्यूबिट क्लासेज (QUBIT CLASSES) में अध्ययनरत रहे हैं। 11वीं और 12वीं की नियमित पढ़ाई के साथ-साथ उन्होंने पॉलिटेक्निक प्रवेश परीक्षा की तैयारी भी संस्थान के अनुभवी शिक्षकों के मार्गदर्शन में की।संस्थान के निदेशक एवं शिक्षक नवीन कुमार ने सत्यम की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे संस्थान के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने बताया कि क्यूबिट क्लासेज का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है, ताकि वे विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें। सत्यम की सफलता संस्थान के इसी प्रयास का सकारात्मक परिणाम है।
वहीं,संस्थान के निदेशक एवं शिक्षक शब्बीर आलम ने सत्यम को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता उनकी कठिन मेहनत, दृढ़ इच्छाशक्ति और लक्ष्य के प्रति समर्पण का प्रतिफल है। उन्होंने कहा कि सत्यम ने सिद्ध कर दिया है कि सही मार्गदर्शन और निरंतर प्रयास के माध्यम से कोई भी छात्र बड़ी उपलब्धि हासिल कर सकता है। उन्होंने अन्य विद्यार्थियों से भी सत्यम की सफलता से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
क्यूबिट क्लासेज परिवार ने सत्यम जोशी को उनकी इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।


