फुरकान अंसारी।

हरिद्वार,11 जून 2026। जिला सहकारी बैंक लिमिटेड, हरिद्वार में आज एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक परिवर्तन के तहत श्री आनंद ए.डी. शुक्ल, अपर निबंधक सहकारी समितियां, उत्तराखंड ने बैंक के प्रशासक पद का कार्यभार ग्रहण किया। कार्यभार संभालते ही उन्होंने बैंक की प्रगति एवं कार्यप्रणाली को गति देने के उद्देश्य से सभी शाखा प्रबंधकों की समीक्षा बैठक आयोजित की तथा आगामी 15 दिनों के लिए एक महत्वाकांक्षी पंचसूत्रीय कार्ययोजना घोषित की।

बैठक में प्रशासक श्री शुक्ल ने जनपद की शेष दो प्राथमिक कृषि ऋण समितियों—पनियाला एवं पथरी—का कंप्यूटरीकरण पूर्ण कर उन्हें ई-पैक्स के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही जनपद मुख्यालय पर बैंक के नाम से आवंटित भूमि पर भवन निर्माण हेतु सभी आवश्यक औपचारिकताओं को शीघ्र पूर्ण करने पर बल दिया गया।

उन्होंने बैंक में 3 से 5 वर्षों से एक ही शाखा अथवा पटल पर कार्यरत पात्र कर्मचारियों की स्थानांतरण सूची तैयार करने के निर्देश भी दिए, जिससे प्रशासनिक दक्षता एवं पारदर्शिता को बढ़ावा मिल सके। इसके अलावा 10 लाख रुपये से अधिक के सभी एनपीए खातों में सरफेसी अधिनियम के अंतर्गत प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा ऋण वसूली एजेंसियों के कार्यों की समीक्षा कर आवश्यकतानुसार नई एजेंसियों की नियुक्ति की प्रक्रिया प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए।

समीक्षा बैठक के दौरान शाखावार निक्षेप वृद्धि, विविधीकृत ऋण वितरण एवं बैंक के व्यवसाय विस्तार की संभावनाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। प्रशासक ने सभी शाखा प्रबंधकों को ऋण वितरण में वृद्धि कर अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों तक बैंकिंग सुविधाएं पहुंचाने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला विकास प्रबंधक, नाबार्ड श्री अखिलेश डबराल ने भी बैंक अधिकारियों को ग्रामीण वित्तीय समावेशन एवं व्यवसाय विकास से संबंधित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए बैंकिंग गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया।

अपने संबोधन में श्री आनंद ए.डी. शुक्ल ने कहा कि बैंक की सतत प्रगति, वित्तीय सुदृढ़ता और ग्राहकों के विश्वास को बनाए रखने के लिए स्पष्ट, समयबद्ध एवं परिणामोन्मुख कार्ययोजना आवश्यक है। उन्होंने एनपीए वसूली में तेजी लाने, ग्राहकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने तथा बैंक के व्यवसायिक विस्तार के लिए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से समन्वित प्रयास करने का आह्वान किया।

बैठक में बैंक के सचिव/महाप्रबंधक सौ सिंह, जिला विकास प्रबंधक नाबार्ड अखिलेश डबराल, उप महाप्रबंधक चरण सिंह सहित बैंक के वरिष्ठ अधिकारी एवं सभी शाखा प्रबंधक उपस्थित रहे।

Share.
Leave A Reply